राजनांदगांव
.jpg)
भक्तिमय माहौल में युवा वर्ग डीजे की धुन में थिरके
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अगस्त। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर सोमवार को सर्व यादव समाज द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के समीप सांहड़ादेव की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पालकी में विराजित की गई थी। भगवान श्रीकृष्ण के सखाओं के रूप में शामिल श्रद्धालुओं ने पालकी उठाई।
शोभायात्रा के लिए स्टेट स्कूल मैदान में समाज के लोग एकत्रित हुए और शोभायात्रा मनोरम झांकियों के साथ महावीर चौक से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, सुभाष द्वार, भारत माता चौक, ओस्तवाल लाईन, बसंतपुर थाना चौक, दुर्गा चौक, गांधी चौक, मानव मंदिर चौक और गुरूद्वारा चौक होते हुए सर्विस रोड़ से स्टेट स्कूल मैदान में संपन्न हुआ। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण लीला पर आधारित लगभग 21 झांकियां शहर भ्रमण की। जिसमें कंस वध से लेकर भगवान श्रीकृष्ण की अलग-अलग लीलाओं का वर्णन किया गया था।
शोभायात्रा का शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों में लोगों एवं सामाजिकजनों ने स्वागत सत्कार किया। वहीं शोभायात्रा में शामिल लोगों को ठंडे पेय पदार्थ एवं नाश्ता भी वितरित किया गया।
इधर पोस्ट ऑफिस चौक में कांग्रेस नेता हफीज खान और मानव मंदिर चौक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा की झलक भी दिखाई दी। शोभायात्रा में ध्वज पताका लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में बच्चे शोभायात्रा में शामिल हुए। वहीं राधा-रानी और नंद बाबा की वेशभूषा में भी बच्चे नजर आए। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति भजन में श्रद्धालु झूमते नजर आए। शोभयात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में महिलाएं झूमती दिखी।
घरों और मंदिरों में देर रात तक होती रही पूजा-अर्चना
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर अंचल में श्रद्धा भक्ति का माहौल रहा। घर व मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव देर रात तक मनाया गया। इस दौरान जयकारों की गूंज रही। देर रात तक मंदिरों में भक्तों की उपस्थिति भी रही। अंचल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धाभक्ति के साथ मनाई गई। इस मौके पर शहर के श्री बल्देव-राधा कृष्ण मंदिर दिग्विजय कॉलेज, बाला बाबा मंदिर सोनारपारा, जमातपारा स्थित मंदिर, श्री सत्यनारायण मंदिर कामठी लाईन समेत अन्य मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
इस मौके पर शंख-घंटियों की गूंज भी बनी रही। वहीं जयकारों की गंूज रही। इसके अलावा मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। इधर शहर के अलग-अलग स्थानों और घरों में भी लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां स्थापित की। श्रीकृष्ण की मूर्तियों को बाजे-गाजे के साथ स्थापना स्थल तक ले जाया गया, जहां विधि-विधान से स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई।
देर रात तक लोग भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे रहे।