राजनांदगांव

गृह जिले में पांडे की घटी लीड, पंडरिया में भाजपा को मिली हार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जून। राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के 8 विधानसभा के नतीजों में कहीं कांग्रेस तो कहीं भाजपा को लीड मिली। पूरे चुनाव के नतीजे भाजपा के पक्ष में आए। विधानसभावार नतीजों में सर्वाधिक मत के लिहाज से आदिवासी बाहुल्य सीट मोहला-मानपुर में कांग्रेस को 40 हजार मत हासिल हुए। जबकि भाजपा को राजनांदगांव विधानसभा में 57 हजार 666 मतों की बढ़त मिली। भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे के लिए उनके गृह जिले के दो सीट कवर्धा और पंडरिया विधानसभा के नतीजे उलटफेर से कम नहीं रहा। गृह शहर कवर्धा में भाजपा को 10 हजार 405 वोट बढ़त के तौर पर मिले। 8 सीटों में खुज्जी में भी कांग्रेस को फायदा हुआ। कांग्रेस की इस सीट पर 14 हजार 919 मतों की बढ़त रही।
चुनावी परिणाम में नजर डाले तो भाजपा को समूचे लोकसभा में 7 लाख 12 हजार 57 वोट मिले। जबकि कांग्रेस को 6 लाख 67 हजार 646 मत हासिल हुए। इस तरह भाजपा के संतोष पांडे 44 हजार 411 मतों से विजयी हुई। विधानसभावार पंडरिया में भाजपा को एक लाख 6 हजार 908 तो कांग्रेस को एक लाख 10 हजार 314 मत मिले।
इस तरह पंडरिया विधानसभा में कांग्रेस ने 3 हजार 406 मतों की बढ़त लेकर भाजपा को शिकस्त दी। कवर्धा विधानसभा में भाजपा को एक लाख 25 हजार 803 और कांग्रेस को एक लाख 15 हजार 398 मत मिले। इस विधानसभा में भाजपा 10 हजार 405 मत के साथ कांग्रेस से आगे निकल गई। खैरागढ़ विधानसभा में मतों का अंतर काफी कम रहा। भाजपा को 85 हजार 716 मत तो कांग्रेस को 79 हजार 757 मत मिले।
इस विधानसभा में भी भाजपा को 5 हजार 959 मत लेकर आगे रही। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित डोंगरगढ़ विधानसभा में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में मिली हार का हिसाब चुकता करते हुए 10 हजार 958 मत की बढ़त हासिल की। इस सीट में भाजपा को 85 हजार 961 और कांग्रेस को 75 हजार 3 मत प्राप्त हुए। सर्वाधिक बढ़त भाजपा को राजनंादगांव विधानसभा से मिली। पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निर्वाचन सीट में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख 8 हजार 657 मत हासिल कर भाजपा ने 50 हजार 991 मत हासिल करने वाली कांग्रेस को एक तरफा 57 हजार 666 वोट से पराजित किया।
कांग्रेस की कब्जे वाली डोंगरगांव विधानसभा में भाजपा ने 89 हजार 119 और कांग्रेस ने 72 हजार 81 मत हासिल किए। मतों के अंतर के लिहाज से भाजपा को इस विधानसभा से 17 हजार 38 मत की लीड़ मिली। खुज्जी विधानसभा में कांग्रेस ने पिछले लोकसभा और विधानसभा के नतीजों को अपने पक्ष में दोहराया। लोकसभा में कांग्रेस ने इस सीट पर 14 हजार 919 मत की बढ़त लेकर भाजपा को पीछे रखा। भाजपा को 67 हजार 475 और कांग्रेस को 82 हजार 394 मत मिले। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित मोहला-मानपुर सीट में कांग्रेस ने अपना डंका बजाया। कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल के लिए यह विधानसभा सर्वाधिक लीड़ वाली साबित हुई। भाजपा को एकतरफा 39 हजार 340 मतों से कांग्रेस ने पटखनी दी। भाजपा को इस सीट में 41 हजार 800 और कांग्रेस को 81 हजार 140 मत मिले।