राजनांदगांव

खाली जगहों एवं खेतों के मेड़ों में करें अधिक से अधिक पौधारोपण
02-Jun-2024 3:52 PM
खाली जगहों एवं खेतों के मेड़ों में करें अधिक से अधिक पौधारोपण

 जल संरक्षण और संवर्धन पर बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 जून।  कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में मिशन जल रक्षा के संबंध में जिला पंचायत के सभाकक्ष में बैठक आयोजित किया गया। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि जिले में घटता जल स्तर बहुत बड़ी चिंता का विषय है, इसे रोकने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की दिशा में कार्य करने के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम गांव एवं व्यक्ति तक घटते जल स्तर और जीवन में होने वाली समस्याओं की जानकारी देनी है। उन्होंने कहा कि समाज में बहुत अच्छे लोग है। हम समाज के साथ मिलकर कार्य करें और उन्हें जल संरक्षण एवं संवर्धन की जानकारी दें। उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे तो निश्चित ही सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी कार्य करने चाहिए। जिसके लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण, कम पानी लगने वाली फसलों का उत्पादन, तालाबा एवं नहर-नालों को बांधकर वाटर रिजार्च जैसे कार्य करना चाहिए। जिससे भू-जल स्तर अच्छा रहे। उन्होंने गांवों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण और खेतों के मेड़ों में वृक्षारोपण करने कहा। उन्होंने खाली जगहों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने कहा। जिससे मिट्टी का क्षरण रूकेगा और पर्यावरण संतुलन बना रहेगा। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ली।  

कलेक्टर अग्रवाल ने किसानों को कम से कम पानी आवश्यकता वाले फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने कहा। उन्होंने किसानों को ऐसी फसलों की जानकारी देने कहा जिन फसलों में पानी की कम आवश्यकता हो और अधिक लाभ मिले।

उन्होंने किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाली बीज उपलब्ध कराने कहा। जिससे किसानों को उत्पादकता अधिक होगी और लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से कृषि करने पर किसानों को फायदा मिलेगा। जिसके लिए प्रशासन सहयोग करेगा।

 जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने प्रजेंटेशन के माध्यम से जिले में घटते जल स्तर की समस्या से अवगत कराते वर्तमान में जमीन के नीचे उपलब्ध पानी को कैसे बचाया जा सकता है, जल संरक्षण हेतु क्या-क्या उपाय किए जा सकते है, कैसे फसल विविधता एवं अधिक आय एवं कम पानी की उपयोग वाली फसलों को बढ़ाया जा सकता है, के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कृषि उत्पाद संगठनों एवं उद्योगों के प्रतिनिधि तथा कृषि विभाग से कांट्रेक्ट फार्मिंग के संबंध में सुझाव लिया। बैठक में उद्योगों के प्रतिनिधियों से जल संरक्षण एवं संवर्धन, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी। उन्होंने सडक़ किनारे, स्कूलों, तालाबों एवं खेेतो के मेड़ों में वृक्षारोपण का प्लान तैयार कर इस दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु अनुरोध किया।

बैठक में खैरागढ़ वनमंडलाधिकारी, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, महाप्रबंधक नाबार्ड, उपायुक्त सहकारिता, उद्यानिकी विभाग, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, बीज निगम के जिला स्तरीय अधिकारी, कृषक उत्पाद संगठन, किसान सहित एबिस गु्रप, राजाराम मेझ प्रोडेक्ट, कमल साल्वेंट, गोयल मिल तथा कृषि संबंधित अन्य उद्योगों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट