राजनांदगांव

सीजी पीएससी में 2021 के परिणाम को रद्द करने भाजयुमो की मांग
18-Jun-2023 1:23 PM
सीजी पीएससी में 2021 के परिणाम को रद्द करने भाजयुमो की मांग

 जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर ने घोटाले में शामिल लोगों पर कार्रवाई का उठाया मुद्दा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जून।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी 2021 के नतीजों पर तत्काल भाजयुमो ने रोक लगाने की मांग की है। वहीं भर्ती प्रक्रिया में हुए गड़बडिय़ों में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का मुद्दा उठाते भाजयुमो ने आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर ने पत्रकारवार्ता में आरोप लगाया कि लोक सेवा आयोग की राज्य परीक्षा के अंतिम परिणाम में बड़ा घोटाला हुआ है। चयन सूची में आयोग के अध्यक्ष के पुत्र का नाम बिना सरनेम शामिल है।

प्रदेश के प्रमुख अधिकारियों के संतान, निजी पार्टी के बेटी-दामाद समेत प्रथम 20 लोगों की सूची में शामिल होना संदेह को पैदा कर रहा है। महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर आयोग ने भर्ती में कई तकनीकी मुद्दों को दरकिनार किया है। इसके बावजूद आयोग द्वारा 2022 में 80 पदों की भर्ती प्रक्रिया को जारी रखा है। वर्तमान में आयोग द्वारा छात्रावास अधीक्षक के पदों की भर्ती की अधिसूचना जारी की गई है। जबकि यह भर्ती छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा लिया जाना था।

जिलाध्यक्ष श्री बहादुर ने कहा कि आयोग ने परीक्षा नियंत्रक एवं सचिव काफी समय से पदासीन है। तीन वर्षों से अधिक किसी भी अधिकारी को पदस्थ नहीं किए जाने का प्रावधान है। इन नियमों की अनदेखी कर आयोग ने मनमाने ढंग से 2021 के नतीजों में अपने परिचितों को उपकृत किया है, इसलिए 2021 के परिणाम को तत्काल रद्द कर दोबारा परीक्षा लिया जाना जरूरी है। भाजयुमो ने आयोग अध्यक्ष को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। मांगों के पूरा नहीं होने पर भाजयुमो ने सदन से सड़क तक लड़ाई लडऩे की चेतावनी दी है। पत्रकारवार्ता में आलोक श्रोती, रविन्द्र सिंह, प्रखर श्रीवास्तव, आशीष जैन समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट