राजनांदगांव

सडक़ों की दशा से भडक़े भाजपा पार्षदों ने कीचड़ भरे रास्ते में की पदयात्रा
02-May-2023 12:26 PM
सडक़ों की दशा से भडक़े भाजपा पार्षदों ने कीचड़ भरे रास्ते में की पदयात्रा

भाजपा का आरोप : पटरीपार के वार्डों को छोड़ा निगम ने भगवान भरोसे, सडक़ें  चलने लायक नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 मई।
सडक़ों की बुरी दशा से भडक़े भाजपा पार्षदों ने सोमवार को कीचड़ से भरे रास्तों में पदयात्रा की। बेमौसम बारिश से सडक़ों की खराब दशा सामने आ गई। यानी लोगों को अचानक  खराब मौसम में बरस रहे पानी में जर्जर हो चुके रास्तों से आवाजाही करनी पड़ रही है।

भाजपा के पार्षदों ने खुलकर आरोप लगाया कि निगम प्रशासन ने कुछ जगह डामरीकरण की शुरूआत कर फिर उसे बंद कर दिया। बेमौसम बारिश ने शहर की बाहरी और अंदरूनी मार्गों की असलियत की पोल खोल दी है। कचरों और कीचड़ से भरे रास्तों से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। लगातार विपक्षी पार्षदों की ओर से मार्गों को दुरूस्त करने के लिए राजनीतिक स्तर पर आवाज उठाया है। वहीं पत्राचार कर निगम प्रशासन को लोगों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने की गुहार भी लगाई है। इसके बावजूद शहर के ज्यादातर रास्ते गड्ढों से भरे हुए हैं। मामूली गड्ढे अब विकराल रूप लेने लगे हैं। सडक़ों में गड्ढों से परेशान लोगों को सफर करना मुनासिब नहीं लग रहा है।

निगम के सभी 51 वार्डों में चमचमाती सडक़ का ख्वाब मानो अधूरा रह गया है। सोमवार को नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने अपने पार्षदों के साथ पदयात्रा की। रामनगर क्षेत्र श्रमिक बाहुल्य और झुग्गी झोपड़ी वाला वार्ड है। इस वार्ड में सडक़ों की कमी काफी समय से रही है। पिछले कुछ सालों में खानापूर्ति के लिए एक बार डामरीकरण किया गया, इसके बाद दोबारा इस वार्ड को झांकना निगम प्रशासन ने जरूरी नहीं समझा।

कल भाजपा पार्षद कीचड़ और गड्ढे में भरे पानी में उतर गए। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने से शहर के अलावा ग्रामीण और दूसरे वार्डों में रास्ते पूरी तरह से खराब हो गए हैं। आलम यह है कि कहीं-कहीं डामर की परतें गायब हो गई है। देहात वार्डों के मुख्य मार्ग कच्चे रास्तों में तब्दील हो गए हैं। भाजपा पार्षदों ने पैदल चलकर एक तरह से लोगों को हो रही दिक्कतों को अनुभव किया।

वहीं निगम प्रशासन को  इन परेशानियों से अवगत भी कराया। 15 दिन के भीतर रास्तों को बेहतर नहीं बनाए जाने के बाद भाजपा पार्षदों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि नागरिकों के साथ मिलकर ममता नगर अंडरब्रिज और स्टेशनपारा ओवरब्रिज में चक्काजाम किया जाएगा। इधर कई ऐसे वार्ड हैं, जहां सालों पहले किए गए डामरीकरण  के बाद दोबारा रास्तों को बनाने कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। शहर के राजीव नगर, बसंतपुर, वार्ड नं. 45, वार्ड नं. 43 जैसे कुछ वार्डों के भीतर के रास्ते लगभग गायब हो गए हैं। आने वाले समय में बारिश  के मौसम में इन रास्तों से गुजरना आसान नहीं रहेगा।
 


अन्य पोस्ट