राजनांदगांव

मानव सेवा का संदेश लेकर लंदन की महिला धावक महाराष्ट्र से मानपुर पहुंची
10-Jan-2026 4:23 PM
मानव सेवा का संदेश लेकर लंदन की महिला धावक महाराष्ट्र से मानपुर पहुंची

भारत की सेवा भावना को बताया विश्वस्तरीय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 जनवरी। मानवीय सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर ब्रिटिश महिला धावक ने वनांचल मानपुर में पहुंचकर मानव सेवा के प्रति लोगों को जागरूकता भरा संदेश दिया। दो दिन पहले महाराष्ट्र और मानपुर के घने जंगलों से दौड़ते हुए महिला वनांचल में पहुंची। महिला धावक दृढ़ निश्चय और लगन को देखकर मानपुर के रहवासियों ने उनका शानदार स्वागत किया। महिला धावक इस स्वागत सत्कार से अभिभूत हो गई। महिला का नाम हैना बताया जा रहा है। महिला धावक के हौसले को देखकर वनांचल के लोग हैरान दिखे।

मिली जानकारी के मुताबिक ब्रिटेन की लंदन की रहने वाली हैना एक महिला धावक है। वह मानव सेवा के प्रति काफी सजग रहती है। लोगों को इंसानियत और मानवीय सेवा का सीख देने का उद्देश्य लेकर दौड़ लगाते मानपुर पहुंची। वहां मानपुर के स्थानीय लोगों ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया। बताया जा रहा है कि इसी उद्देश्य को लेकर वे भारत भ्रमण पर निकली है। बताया जा रहा है कि हैना ने जानकारी दी कि वे अपनी रनिंग यात्रा के माध्यम से सामाजिक सेवा और जागरूकता का संदेश दे रही है। वे अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए विभिन्न चैरिटी संगठनों के माध्यम से सेवा कार्य कर रही है। उनका उद्देश्य लोगों को मानवता, करुणा और सेवा के लिए प्रेरित करना है।

 

हैना का उद्देश्य

हैना ने बताया कि उनकी इस प्रेरणादायक दौड़ की शुरुआत पाकिस्तान बॉर्डर से हुई है और अब तक वे लगभग 4200 किलोमीटर की दूरी दौड़ते तय कर चुकी है। यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। हैना का यह प्रयास न केवल शारीरिक दृढ़ता का प्रतीक है, बल्कि मानव सेवा के प्रति उनके समर्पण को भी दर्शाता है। उनका कहना है कि लोगों से मिलना, संवाद करना और उनकी मदद करना ही उनकी इस यात्रा का मूल उद्देश्य है। हैना ने कहा कि भारत विविधताओं और सेवा भावना से भरा देश है, यहां लोगों से मिलकर उन्हें अपार प्रेरणा मिलती है। निश्चित ही इस प्रकार का व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणादायक है।


अन्य पोस्ट