राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अप्रैल। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह की गोष्ठी को संबोधित करते सांसद सुनील सोनी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने वंचित वर्ग और देश के लिए कठिन संघर्ष किया। उनके संघर्षों को याद करते श्री सोनी ने कहा कि उन्होंने अपना सारा जीवन वंचित वर्गो की शिक्षा के लिए लगा दिया। वे चाहते थे पूरा वर्ग शिक्षित बनकर सशक्त हो और अपने अधिकारों को जानने लगें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र को लेकर उनकी अवधारणा स्पष्ट और खुली हुई थी, वे भारत विभाजन के कट्टर विरोधी थे। उन्होंने नेहरू, गांधी के समक्ष अपनी बात को बेबाकी से रखते कांग्रेस से वैचारिक मतभेद के चलते उन्होंने वह पार्टी छोड़ दी थी। श्री अंबेडकर उस कठिन दौर में बेहद संघर्षशील नेता बनकर उभरे। उन्होंने पूरे विश्व में भारत के उत्कृष्ट संविधान की रचना की।
श्री सोनी ने आगे कहा कि डॉ. अंबेडकर के कार्यों को ही प्रधानमंत्री मोदी देश में लगातार आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे है। उन्होंने वैश्विक स्थिति पर भारत की भूमिका को लेकर कहा कि देश में संकट था, पूरा संसार कोविड की महामारी से जूझ रहा था, तब उन्होंने सूझबूझ से देश का नेतृत्व करते एक साल के भीतर विश्व को और देश की जनता को दो-दो वैक्सीन उपलब्ध कराकर कोविड के जंग में देश के जनमानस का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर गोष्ठी को जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने भी संबोधित किया। गोष्ठी के साथ ही पिछले एक पखवाड़े से भाजपा द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे सेवा समरसता अभियान का समापन हुआ। इस दौरान गोष्ठी का संचालन जिला भाजपा के महामंत्री रविन्द्र वैष्णव ने किया।