राजनांदगांव

जमीनों की खरीद-बिक्री में तेजी, रजिस्ट्री से 88 करोड़ आय
12-Mar-2023 1:05 PM
जमीनों की खरीद-बिक्री में तेजी, रजिस्ट्री से 88 करोड़ आय

लक्ष्य पार करने के करीब, मार्च में बढ़ेगा राजस्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मार्च।
वित्तीय वर्ष 2022 में मिले निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पंजीयक विभाग जमीन-जायदाद की खरीदी-बिक्री से फरवरी माह तक 88 करोड़ का राजस्व आय के तौर पर मिला। जबकि नए वित्तीय वर्ष के शुरूआत होने से पहले मार्च के महीने में राजस्व बढऩे की उम्मीद की जा रही है। अविभाजित राजनांदगांव के सभी ब्लॉकों में पूरे साल रियल स्टेट कारोबार से विभाग को इस साल लक्ष्य पूरा करने में  आसानी हुई है। बताया जा रहा है कि फरवरी महीने तक 88 करोड़ का राजस्व पंजीयक विभाग ने जुटाया।  साल 2023 के नए वित्तीय वर्ष की शुरूआत से पहले  विभाग ने अच्छा-खासा राजस्व अपने खाते में जमा कराया है। कोरोना की वजह से 2020 और 2021 में  मंदी के चलते पंजीयक विभाग को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। 2022 राजस्व के लिहाज से अच्छा साबित हुआ है। विभाग को मिले निर्धारित लक्ष्य में राजनांदगांव ब्लॉक की अहम भूमिका रही है।  अकेले राजनांदगांव से 50 करोड़ 50 लाख का फरवरी महीने में राजस्व विभाग के जरिये शासन के कोष में जमा हुआ है। वहीं दूसरे नंबर पर खैरागढ़ में भी रियल स्टेट के अलावा अन्य संपत्तियों की खरीदी-बिक्री से 11 करोड़, तीसरे नंबर पर डोंगरगढ़ से 5 करोड़ और छुईखदान से 4 करोड़ का राजस्व मिला।  इसी तरह डोंगरगांव से 4 करोड़ 50 लाख तथा छुरिया-गंडई से क्रमश: 3.50-3.50 करोड़ रुपए राजस्व अर्जित की गई। जबकि मोहला से मात्र एक करोड़ 20 लाख का  राजस्व सरकार के खाते में जमा हुआ।

बताया जा रहा है कि  गत् वर्ष फरवरी महीने में  आय 79 करोड़ रुपए था। यानी इस साल लगभग 9 करोड़ रुपए के अतिरिक्त आय फरवरी महीने में जमा हुई। बताया जा रहा है कि राजस्व जुटाने में पंजीयक विभाग ने फरवरी माह में 85 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। वहीं गुजरे साल पंजीयन करने की संख्या  फरवरी महीने तक 17 हजार 957 थी। अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक पंजीकृत दस्तावेजों की संख्या 22 हजार 513 रही। सर्वाधिक पंजीयन राजनांदगांव ब्लॉक  में दर्ज की गई। जिसमें एक हजार 75 पंजीयन किए गए। खैरागढ़ से 487, छुईखदान से 136, डोंगरगढ़ से 268, डोंगरगांव से 108, छुरिया से 216, अंबागढ़ चौकी से 46, मोहला से 45 और गंडई से 174 पंजीयन कराए गए।  बताया जा रहा है कि इस साल रियल स्टेट कारोबार में और भी उछाल आने की संभावना है। जिसके चलते   राजस्व जुटाने में पंजीयक विभाग को सफलता मिलने की उम्मीद है।

 


अन्य पोस्ट