राजनांदगांव

ग्रामीणों ने किया थाना घेराव व चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर। मोहला में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस के साथ झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने हल्का बल का प्रयोग किया। जिससे कुछ ग्रामीणों को चोंट भी पहुंची। पुलिस द्वारा किए गए बल से आक्रोशित ग्रामीणों ने मोहला-मानपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करते थाना के सामने धरना प्रदर्शन किया। देर रात से शुरू हुआ धरना सुबह तक चलता रहा।
मिली जानकारी के अनुसार मोहला में शनिवार शाम देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाली गई थी। इसमें डीजे भी चल रहा था। पुलिस का आरोप है कि प्रतिमा विसर्जन के दैरान कुछ असामाजिक तत्व हुडदंग मचा रहे थे। पुलिस ने डीजे बंद कराने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर प्रतिमा विसर्जन में शामिल ग्रामीणों ने युवकों से पुलिस की झड़प हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने विवाद के दौरान लाठियां बरसा दी। जिसके चलते कुछ ग्रामीण भी घायल हो गए। पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग से प्रतिमा विसर्जन में शामिल लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने मोहला-मानपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करते मोहला थाना के सामने धरना प्रदर्शन कर दिया। रात लगभग 12 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन रविवार सुबह तक जारी रहा। ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाईश दी। इसके पश्चात चक्काजाम आंदोलन समाप्त हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार मां शारदा मित्र मंडल द्वारा देवी मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाली गई थी। बताया गया कि झांकी व डीजे जयस्तंभ चौक के पास पहुंची, पुलिस वाहन के एक चालक ने दुव्र्यवहार किया। जिसके चलते विवाद उत्पन्न हुआ। इस दौरान पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी के वाहन का एक ग्लास टूट गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके पश्चात पुलिस ने बिना कुछ सोंचे ग्रामीणों पर लाठी बरसाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस डीजे बंद कराने पहुंची थी। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया। जिसके चलते पुलिस ने लाठियां भांजी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग में प्रतिमा विसर्जन में शामिल बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं को भी चोंट पहुंची। इसी से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा लाठी भांजने के बाद मां शारदा मित्र मंडल के सदस्य भी थाना के सामने प्रतिमा को लेकर पहुंच गए। पुलिस विभाग के अफसरों द्वारा इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद देवी प्रतिमा का विसर्जन किया गया।