राजनांदगांव

गढ़चिरौली पुलिस को मिली एक और कामयाबी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अक्टूबर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस ने नक्सल मोर्चे में कामयाबी हासिल करते दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नक्सली पर 10 लाख रुपए का ईनाम घोषित है। एक दिन पहले नक्सल ऑपरेशन में तैनात जवानों ने दोनों को संदिग्ध हालत में गिरफ्तार किया। बाद में उनके नक्सली होने की पुष्टि हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सन्निराम उर्फ शंकर नरोटे 24 वर्ष और समुहराम उर्फ सूर्या नरोटो 22 साल को सांवरगांव इलाके में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गढ़चिरौली रेंज डीआईजी संदीप पाटिल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के विरुद्ध मामला दर्ज है। उन पर ईनाम भी सरकार द्वारा घोषित है।
बताया गया है कि सन्निराम और समुहराम पर 8 और 2 लाख रुपए का ईनाम घोषित है। सन्निराम 2015 में टिपागढ़ दलम में शामिल हुआ था। वह डीवीसी मेम्बर जोगन्ना का अंगरक्षक भी रहा। इसके बाद अगस्त 2018 से 2020 तक कंपनी नंबर 10 में रहते नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा। साल 2020 से वह आज पर्यन्त पीपीसीएम पद पर कार्यरत था। इसी तरह समुहराम उर्फ सूर्या पर नक्सली हत्या, आगजनी, मुठभेड़ जैसे घटना में शामिल होने का रिकार्ड है। दोनों नक्सलियों ने पूछताछ के दौरान कई खुलासे किए हैं। गिरफ्तार नक्सलियों ने पुलिस को नक्सल संगठन के संबंध में अहम जानकारियां दी है।
अक्टूबर 2020 से गढ़चिरौली पुलिस ने 66 लाख रुपए के 16 ईनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। वहीं सवा करोड़ के 19 नक्सलियों ने आत्मसर्पण भी किया है। साथ ही 55 नक्सलियों ने पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ में ढ़ेर किया। मुठभेड़ में मारे गए सभी नक्सलियों पर 4 करोड़ 10 लाख रुपए का ईनाम था।