राजनांदगांव

डीआईजी गर्ग और एसपी ठाकुर सम्हालेंगे विसर्जन झांकी की कमान
08-Sep-2022 2:41 PM
डीआईजी गर्ग और एसपी ठाकुर सम्हालेंगे विसर्जन झांकी की कमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 08 सितंबर।
शहर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त होंगे। हाल ही में हुए शहर में आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर विसर्जन झांकी की रात को डीआईजी रामगोपाल गर्ग और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने मोर्चा सम्हाल लिया है। इसी कड़ी में  गुरुवार को शहर के मुख्य मार्गों में डीआईजी गर्ग और एसपी ठाकुर ने पैदल मार्च किया। प्रशासन की ओर से एसडीएम अरूण वर्मा समेत एएसपी संजय महादेवा और सीएसपी गौरव राय ने दोनों अफसरों के साथ झांकी के लिए निर्धारित रूट का मुआयना किया। 

बताया जा रहा है कि विसर्जन झांकी में महकमे ने एक हजार जवानों को तैनात किया है। आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त बल की मांग की गई है। शहर में विसर्जन झांकी के दौरान किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए जवानों को खासतौर पर सचेत रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिस मार्ग से झांकी निकलेगी, वहां जवानों के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे। इसी के चलते डीआईजी गर्ग और एसपी ठाकुर ने मुख्य रास्तों में आज पैदल चलकर पूरी परिस्थिति को समझा है। 

माना जा रहा है कि विसर्जन झांकी के दौरान उत्पाती युवकों की घेराबंदी करने के लिए सादे पोशाक में जवान तैनात रहेंगे। इसके लिए विशेष रूप से जवानों को निर्देश दिए गए हैं। शहर में विसर्जन झांकी को लेकर अपार भीड़ उमडऩे की उम्मीद जाहिर की जा रही है। कोरोनाकाल के कारण पिछले दो साल से आयोजन पर रोक लगी हुई थी। एक जानकारी के मुताबिक शहर में तकरीबन 50 से ज्यादा झांकियां रातभर मुख्य मार्गों में भ्रमण करेगी। अलौकिक शक्तियों और गाथाओं से जुड़ी झांकियों के अलावा वैश्विक स्तर की गतिविधियों से जुड़ी झांकियां भी भक्तों का ध्यान अपनी ओर खींचेगी। आकर्षक झांकियों को देखने के लिए शहर के अलावा आसपास के जिलों से भी लोग परंपरागत रूप से पहुंचते हैं।  बताया जा रहा है कि डीआईजी और एसपी ने सभी अफसरों को मुस्तैद रहकर विसर्जन झांकी को शांतिपूर्वक निपटाने पर जोर दिया है। राजनांदगांव शहर मनमोहक झांकियों के लिए  प्रख्यात है। रातभर झांकियों में शामिल युवा गीत-संगीत और डीजे की धुन में थिरकते हैं।ुलिस के लिए शहर की सुरक्षा को सम्हालना इस दौरान काफी चुनौती होती है। बहरहाल दो शीर्ष अफसरों के देखरेख में  झांकियां निकलेंगी। 
 

शुक्रवार को निकलेगी विसर्जन झांकियां
 शुक्रवार देर रात को परंपरागत झांकियां शहर में भ्रमण करेंगी। युवाओं ने झांकियों को मनमोहक बनाने के लिए पूरा जोर लगाया है। पुरानी समितियों ने भी परंपरागत रूप से झांकियों को आकर्षक रूप देने के लिए दीगर राज्यों के कलाकारों से मदद ली है। एक अनुमान के मुताबिक इस साल तीन करोड़ रुपए से ज्यादा की लगात से बनी झांकियां अलग-अलग रास्तों में श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेगी। स्थानीय फ्लाई ओवर के नीचे कुछ समितियों ने झांकियां लगभग तैयार कर ली है। शहर के दूसरे हिस्सों में भी झांकियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 

 


अन्य पोस्ट