राजनांदगांव

कलेक्टर ने फत्तेपुर-मुढ़ीपार गौठान का किया निरीक्षण
04-Jun-2022 2:54 PM
कलेक्टर ने फत्तेपुर-मुढ़ीपार गौठान का किया निरीक्षण

महिलाओं को मिल रहा बारहमासी काम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जून।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा अपने सतत भ्रमण में गुरुवार को खैरागढ़ विकासखंड के दौरे पर रहे। उन्होंने ग्राम फत्तेपुर और मुढ़ीपार में बने गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम फत्तेपुर में स्वसहायता समूह की महिलाओं से भेंट कर आवश्यक चर्चा की। समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठान से जुडक़र उनकी दिनचर्या बदल गई है।

महिलाओं ने बताया कि यहां अचार, पापड़, मसाला उत्पादन के साथ-साथ सामुदायिक बाड़ी में साग-भाजी की खेती की जा रही है। इसके चलते महिला समूह को काफी लाभ मिल रहा है। महिला समूह द्वारा वर्मी कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया जा रहा है।
महिलाओं ने बताया कि गौठान में अब तक डेढ़ लाख रुपए की आमदनी हुई है। महिला समूह द्वारा यहां लगभग 2 एकड़ भूमि में केले के पौधा रोपा गया है, जो लगभग 10 -11 महीने में फल से देने की स्थिति में आ जाएगा। इससे महिला समूह को कम से कम 1 लाख रुपए की आमदनी होने की संभावना है। समूह की महिलाओं द्वारा बटेर पालन भी किया जा रहा है। बाजार में बटेर की अच्छी मांग होने से हाथों-हाथ बिकने की पूरी संभावना है। बटेर पालन कम समय में अधिक आमदनी देने का एक अच्छा व्यवसाय साबित हो रहा है।

मुर्गीपालन बनेगा आमदनी का अच्छा माध्यम
कलेक्टर सिन्हा ने मुढ़ीपार गौठान पहुंचकर महिला समूह द्वारा बनाए गए कम्पोस्ट खाद की गुणवत्ता का परीक्षण किया। कमोस्ट खाद की गुणवत्ता को देखकर कलेक्टर ने काफी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि काफी अच्छी गुणवत्ता के कम्पोस्ट खाद का निर्माण महिला समूह द्वारा किया गया है। यह महिला समूह की सहभागिता के साथ-साथ उनकी लगन व मेहनत और निष्ठा को प्रदर्शित करता है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, जगदीश सोनकर,  गिरीश रामटेके, तरूण देशमुख सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट