राजनांदगांव

नांदगांव भाजपा महिला मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अप्रैल। भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रेडी-टू-ईट निर्माण में की जा रही कथित गड़बडिय़ों को लेकर राज्यपाल के नाम डिप्टी कलेक्टर सरस्वती बंजारे को ज्ञापन सौंपा। जिला भाजपा महिला मोर्चा द्वारा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव की मौजूदगी में राज्यपाल के नाम शिकायत करते हुए अनियमितता से जुड़ी शिकायत ज्ञापन के जरिये की है।
ज्ञापन में कहा गया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रेडी टू ईटा के निर्माण का कार्य स्वसहायता समूह की बहनों से छीनकर कृषि बीज विकास निगम को देने का दुर्भाग्यजनक निर्णय लिया गया है। शासन के इस तुगलकी फैसले से हजारों माताओं-बहनों को रोजगार से हाथ धोना पड़ा है। इस फैसले से न केवल लाखों लोगों के पेट पर लात पड़ा है, बल्कि यह जनकल्याणकारी योजना भारी अनियमितताओं का शिकार होकर रह गई है।
ज्ञापन में बताया कि प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की बहनों ने प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केन्द्रों में जाकर हालात का जायजा लिया और पाया स्थिति अत्यधिक चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि रेडी-टू-ईट का कार्य उच्च न्यायालय के आदेशानुसार अप्रैल 2022 तक पुराने स्व. सहायता समूहों को दिया जाना था, किन्तु राज्य सरकार उसमें भी असफल रही है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कलेक्टर दर से मानदेय देने का संकल्प लिया था, किंतु अभी तक इसमें कार्यरत बहनों को वैसा मानदेय नहीं दिया जा रहा है। प्रतिदिन बच्चों को रेडी-टू-ईट प्रदाय करने का न्यायालय का आदेश है, किंतु जिले में इसका वितरण प्रतिदिन नहीं हो रहा है। कुपोषण चिंताजनक स्तर तक पहुंच गया है। सामग्री वितरण जिस मात्रा में होना चाहिए, उतना आपूर्ति सरकार द्वारा नहीं हो रही है। परिवहन व्यय प्रति क्विंटल मात्र 100 रुपए देने का आदेश हुआ है। यह बेहद कम है। राज्य शासन में रेडी-टू-ईट को ‘रेडी-टू-लूट’ में बदल कर रख दिया है। उपरोक्त अनियमिताताओं के कारण किशोरियों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यपाल से उक्त अनियमितताओं को दूर करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रेखा मेश्राम, पारूल जैन, कीर्ति राणे, सरस्वती यादव, पुष्पा गायकवाड़, शैल यादव, रेणु सूर्यवंशी, मुनेश्वरी साहू, सरिता यादव, शांति पात्रे समेत अन्य शामिल थीं।