राजनांदगांव
.jpg)
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर। शांति के मसीहा और मानव कल्याण के सच्चे परोपकारी प्रभु यीशु के जन्मदिन पर क्रिसमस पर्व की छंटा गिरजाघरों में पारंपरिक उत्साह के रूप में दिखाई दे रही है। पवित्र बाइबिल में लिखे पौराणिक गाथाओं में उल्लेख किए गए प्रभु यीशु के जीवनसार को प्रासंगिक रूप देने के लिए बकायदा गिरजाघरों में चित्रित किया गया है। कल 25 दिसंबर को पूरी दुनिया में प्रभु यीशु के जन्म दिवस को खुशियों के साथ मनाया जाएगा। शहरभर के चर्चों में प्रभु यीशु द्वारा दिए गए संदेशों को आत्मसात करने की मूल भावना लेकर ईसाई धर्मावलंबी तैयारी में जुटे हुए हैं।
संस्कारधानी में कल बड़े दिन यानी ख्रीष्ट जयंती के लिए शहरभर के गिरजाघरों की तैयारी अंतिम दौर में है। इधर शहर में कल 25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व की चमक रहेगी। शहरभर के चर्चों को कृत्रिम रोशनी से सजा दिया गया है। रात को चर्चों की खूबसूरती अलग अंदाज में दिख रही है। समुदाय के अलग-अलग गिरजाघरों में प्रभु यीशु का जन्म दिवस मनाने परंपरागत तैयारी की गई है।
चर्चों में रोजाना समुदाय के लोग सामुहिक रूप से भक्ति आधारित गीत-संगीत के आयोजन में शामिल हो रहे हैं। शहर के स्टेशन रोड़ स्थित वेसलियन मेथोडिस्ट चर्च, तुलसीपुर स्थित मेन्नोनाईट चर्च, विवेकानंद नगर स्थित एबानेसर मार्थोमा चर्च, डोंगरगांव रोड़ स्थित सिरियन चर्च और वाइडनियर स्कूल स्थित कैथोलिक चर्च मेंं विशेष प्रार्थनाएं की जा रही है। कल क्रिसमस पर्व को मनाने के लिए घरों को भी सजाया गया है। समुदाय के घरों में परंपरागत स्टार भी रौशनी कर रहा है। इधर क्रिसमस पर्व होने से बाजार में व्यापारिक रूप से काफी हलचल रही।
ज्ञात हो कि ख्रीष्ट जयंती पर गत् 20 दिसंबर को क्रिसमस रैली का आयोजन किया गया था। इस दौरान भव्य झांकी के साथ रैली निकाली गई थी। इस मौके पर बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोग शामिल थे। इधर पर्व को लेकर बाजार में जमकर खरीदी की जा रही है। साज-सजावट के सामानों के अलावा केक सहित अन्य सामग्रियों की मांग लोगों के बीच बनी हुई है।