राजनांदगांव

देवउठनी पर बाजार में बढ़ी रौनक
14-Nov-2021 2:33 PM
देवउठनी पर बाजार में बढ़ी रौनक

   परंपरागत तुलसी विवाह के बाद होगी मांगलिक कार्यों की शुरूआत   

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 14 नवंबर।
देवउठनी पर्व यानी छोटी दिवाली के लिए रविवार को बाजार में दीपावली जैसा नजारा होने से कारोबार में उछाल नजर आया। व्यापारियों के लिए देवउठनी पर्व एक तरह से व्यापार के लिहाज से अच्छा मौका रहता है। सोमवार को देवउठनी पर्व परंपरागत रूप से मनाया जाएगा। इस पर्व के के बाद मांगलिक कार्यों का दौर भी शुरू होगा। लोकमान्यता है कि देवउठनी पर्व के बाद देवी-देवता नींद से जागते हैं और उसके बाद धार्मिक रीति-रिवाजों का सिलसिला शुरू होता है।

देवउठनी पर्व यानी छोटी दिवाली कल सोमवार को जिले के शहर समेत अंचल में धूमधाम से मनाया जाएगा। छोटी दिवाली पर घर-आंगन में खुशियां बिखरेंगी। वहीं घरों में तुलसी विवाह कर पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके अलावा छोटे बच्चे नए परिधानों में पूजा में शामिल होकर फटाखे भी छोडक़र अपनी खुशी का इजहार करेंगे। दीपावली त्यौहार के बाद 12वें दिन देवउठनी पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को तुलसी विवाह भी कहा जाता है। जेठाऊनी पर्व को दिवाली त्यौहार को छोटे रूप की संज्ञा दी जाती है। घरों में त्यौहार के मौके पर दंपत्तियों के सात फेरे भी कराए जाते हैं। इधर देवउठनी पर्व पर पारंपरिक रूप से मंडप के रूप में सजने वाले गन्ने भी बाजार में पहुंच गए हैं।

ऐसी मान्यता है कि तुलसी का फेरा करने से जोड़ो की आयु लंबी होती है। वहीं घर-परिवार में समृद्धि भी आती है। तुलसी विवाह में घरों में खास व्यंजन तैयार किए जाते हैं। दीपावली पर्व की तरह घरों की सजावट की जाती है। साथ ही आंगन को गोबर से लिपने के बाद आकर्षक रंगोली से सजाया जाता है। पर्व में पटाखे भी फोड़े जाते हैं। इधर देवउठनी पर्व को देवी-देवताओं के जागने से भी जोड़ा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन के बाद मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं। इस पर्व के बाद से वैवाहिक कार्यक्रमों की शुरूआत होती है। तुलसी विवाह के बाद ही शुभ कार्य किए जाते हैं। इस बीच बाजार में पर्व के चलते कारोबारी हलचल दिख रही है। देवउठनी पर्व पर लोग कपड़ा, आभूषण व बर्तनों की खरीदी भी करते हैं। तुलसी विवाह का नजारा दिवाली जैसा ही दिखाई देता है।

इधर देवउठनी पर्व के लिए मंगलवार को बाजार में पूजन सामग्रियों और अन्य सामानों की खरीदी के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में गन्ना व्यापारी भी गन्ने का व्यापार करने अन्य शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच गए हैं। वहीं कल सोमवार को भी सुबह से लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट