रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और सुगंधित चावल अब यूरोपीय बाजारों में अपनी खुशबू बिखेरने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के जीआई टैग प्राप्त जीराफूल सहित जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे विशिष्ट चावल की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं को लेकर स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना की अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं प्रदर्शनी संस्था फिरा बार्सिलोना के सीईओ के साथ बैठक की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाने, विदेशी खरीदारों तक पहुंच बढ़ाने और यूरोपीय बाजारों में निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में फिरा बार्सिलोना संस्था ने जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित प्रदेश के अन्य कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही। इससे छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने और विदेशी व्यापारियों से सीधे संपर्क स्थापित करने के अवसर बढ़ेंगे।
किसानों और एफपीओ को मिलेगा लाभ
इस पहल से किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जुडऩे का अवसर मिल सकता है। पारंपरिक सुगंधित चावल की मांग बढऩे से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है।
जीराफूल और नगरी दुबराज को जीआई टैग प्राप्त है, जबकि जवाफूल को अभी जीआई टैग नहीं मिला है। इन चावलों की विशिष्ट पहचान, गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी ब्रांडिंग पर ध्यान देने से यूरोपीय बाजारों में इनके लिए अलग पहचान बनाई जा सकती है।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक पहचान मजबूत करना, निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाना और प्रदेश के किसानों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जोडऩा रहा। चर्चा में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और कृषि संचालक राहुल देव भी शामिल थे।