रायपुर

स्काईवॉक को बताया सफेद हाथी, 100 करोड़ की परियोजना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
27-Nov-2026 8:40 PM
स्काईवॉक को बताया सफेद हाथी, 100 करोड़ की परियोजना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

 छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 27 नवंबर। राजधानी में निर्माणाधीन स्काईवॉक को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने करीब 100 करोड़ रुपये की इस परियोजना को सफेद हाथी बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार की अदूरदर्शिता और भाजपा नेताओं की जिद के कारण जनता की गाढ़ी कमाई बर्बाद हो रही है। निर्माण में देरी, पेड़ों की कटाई और यातायात अव्यवस्था के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी मुख्यालय स्थित ब्रिज कॉरपोरेशन कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए समस्याओं के निराकरण और कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की। कांग्रेस ने मांग की कि तेलघानी नाका और खमतराई क्षेत्र में बंद स्ट्रीट लाइट तत्काल शुरू की जाएं, स्काईवॉक निर्माण के दौरान काटे गए पेड़ों की जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा उनके स्थान पर नियमानुसार पौधरोपण कराया जाए। सडक़ चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों से हो रही परेशानी दूर करने के साथ स्काईवॉक का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि सात दिन में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित विभाग के कार्यालय के सामने दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पडऩे पर आंदोलन अनिश्चितकालीन भी किया जाएगा।

प्रदर्शन में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, आकाश शर्मा, सुशांत डे, हीरेंद्र देवांगन, संदीप शर्मा, दीपक चौबे, संजय अवस्थी, सत्तु सिंह, राजेश पाल, अनिल बरगे, मिलिंद गौतम, देव कुमार साहू, विजय टंडन, सागर टांडी, सुरेश धीवर, सुरेश जैन, सौमित्र शुक्ला, आकाश दीवान, अमित भारद्वाज, भारत यादव, फिरोज चिश्ती, प्रवीण चंद्राकर, वेंकट कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।-


अन्य पोस्ट