रायपुर

चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, बुजुर्ग पति को उम्रकैद
27-Nov-2026 8:41 PM
चरित्र  शंका में पत्नी की हत्या, बुजुर्ग पति को उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 नवंबर। चरित्र पर संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या करने के मामले में नवम अपर सत्र न्यायाधीश रायपुर की अदालत ने 74 वर्षीय आरोपी पति बिसरू राम धीवर को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर छह माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

 घटना 22 मई 2025 को ग्राम बेलटुकरी, थाना खरोरा की है। आरोपी बिसरू राम अपनी पत्नी शांति बाई धीवर के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले करीब दो महीनों से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी ने पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी।

घटना के दिन उसका बेटा पुनीत राम धीवर काम पर ग्राम बरतोरी गया हुआ था।उसी दिन शाम उसके मामा के बेटे ने फोन कर मां की तबीयत खराब होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर पता चला कि मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो शांति बाई कमरे में मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसकी नाक से खून निकल रहा था।

बेटे ने इसकी रिपोर्ट खरोरा पुलिस में की। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु दम घुटने से होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतिका के पति से पूछताछ की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछा  जब्त किया गया।

प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों  विचार करने के बाद न्यायालय ने आरोपी को धारा 103(1) के तहत हत्या का दोषी पाया।

नवम अपर सत्र जज श्रीमती पल्लवी तिवारी ने फैसला सुनाते हुए आरोपी बिसरू राम धीवर को आजीवन सश्रम कारावास, 5 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।

प्रकरण में अपर लोक अभियोजक राजेन्द्र मल्होत्रा ने पैरवी की, वहीं आरोपी की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल आशीष श्रीवास्तव उपस्थित हुए।


अन्य पोस्ट