रायपुर

आईसीसी कमांड की तीसरी आंख से धान खरीदी पर कड़ी निगरानी, 40 हजार क्विंटल जब्त
27-Nov-2026 8:39 PM
आईसीसी कमांड की तीसरी आंख से धान खरीदी पर कड़ी निगरानी, 40 हजार क्विंटल जब्त

 छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य शासन द्वारा स्थापित आईसीसी कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आईसीसी कमांड की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में निगरानी के दौरान कुल 1,362 अलर्ट दर्ज किए गए, जिनमें से 122 अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है। वहीं, प्रदेश में धान जब्ती की कार्रवाई के तहत कुल 40,453 क्विंटल धान जब्त किया गया है। रिपोर्ट में 8 मिलों का भौतिक सत्यापन भी दर्ज है। ये आंकड़े धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी और अनियमितताओं पर कार्रवाई के लिए शासन की सक्रियता को दर्शाते हैं।

जशपुर में सर्वाधिक धान जब्ती, महासमुंद और दुर्ग भी अग्रणी

जिला स्तर पर धान जब्ती की कार्रवाई में जशपुर जिला 12,103 क्विंटल धान की जब्ती की गई है। महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसके अलावा बलरामपुर में 2,982 क्विंटल, राजनांदगांव में 2,798 क्विंटल, रायगढ़ में 2,528 क्विंटल और कांकेर में 1,676 क्विंटल धान की जब्ती दर्ज की गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई यह कार्रवाई धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक सतर्कता को प्रदर्शित करती है।

आईसीसी कमांड द्वारा जारी अलर्ट के माध्यम से जिलों में धान खरीदी से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार कांकेर में सर्वाधिक 186 अलर्ट दर्ज किए गए। राजनांदगांव में 146, बिलासपुर में 140, बेमेतरा में 119, कवर्धा में 107 और सूरजपुर में 100 अलर्ट दर्ज हुए हैं। बालोद में 89 अलर्ट में से 42, बलरामपुर में 76 में से 54, महासमुंद में 26 में से 20 और रायपुर में 6 में से 2 अलर्ट का निराकरण किया गया है। कोरिया जिले में दर्ज तीनों अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है।

अब तक 4.43  टन की खरीदी

26 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार धान खरीदी के 9वें दिन तक प्रदेश में 28.07 लाख पंजीकृत किसानों में से 91 हजार 746 किसानों ने धान विक्रय किया है। इस दौरान कुल 4,43,88 टन धान की खरीदी दर्ज की गई।


अन्य पोस्ट