रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 नवम्बर। दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा में सप्ताह भर पहले ग्राहक के जमा नकदी में नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। बैंक में रूपए जमा करने पहुंची एक महिला ग्राहक के दिए नोटों में 50 रुपये के 25 नोट जाली पाए गए। बैंक प्रबंधन ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।
12 नवंबर को बैंक की ग्राहक श्रीमती जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपए जमा करने पहुंची थीं। उन्होंने जमा करने के लिए 50 और 100 रुपए के नोट बैंक में दिए थे। इस दौरान बैंक कर्मी को नोटों पर संदेह होने पर नोटों की जांच की जांच के दौरान उसके दिए गए 50 के 25 नोट संदिग्ध पाए गए। इसके बाद बैंक प्रबंधक संजय मिश्रा ने शाखा में नोट जांचने की यूवी लैंप के माध्यम से उसकी जांच कराई। जांच के दौरान 50 के 25 नोट सूरक्षा मानकों में सहीं नहीं पाए गए।
बैंक प्रबंधन के एक ही लेन-देन में चार से अधिक जाली नोट मिलने पर पुलिस को सूचना देकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में 179 की धारा का अपराध दर्ज किया है। पंडरी पुलिस ने बताया कि बैंक की ओर से शिकायत मिली है। इस पर एफआईआर दर्ज किया जा चूका है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संदिग्ध नोट कहां से आए और इस मामले में संबंधित व्यक्ति की क्या भूमिका रही है।