रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 नवंबर। विधायक राजेश मूणत ने सोमवार को सेंट्रल लाइब्रेरी जाकर विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मूणत ने लगभग दो घंटे तक ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल का भ्रमण कर वहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने उपलब्ध कराई गई सुविधा पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सेंट्रल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो रही है। साथ ही उन्होंने कुछ अतिरिक्त सुविधाएँ विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।
विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी परिसर में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी। मूणत ने आश्वस्त किया कि शीघ्र पहल की जाएगी। प्लंबिंग और इलेक्ट्रिक पैनल में सुधार शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था देखी। विद्यार्थियों ने परिसर में नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे आकांक्षी शौचालय का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसे प्रारंभ कराने की माँग रखी। इस पर विधायक ने विनोद पांडे को शेष कार्य शीघ्र पूरा कराकर शौचालय प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।