रायपुर

स्कार्पियो से अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी बंदी
23-Nov-2026 9:45 PM
स्कार्पियो से अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 नवंबर। सरगुजा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से स्कार्पियो वाहन में रखी 22.800 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। पुलिस ने शराब और स्कार्पियो वाहन सहित करीब 10 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। दोनों आरोपी शराब की खेप लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खैरबार रोड पर गाड़ा घाट से आगे एक सफेद स्कार्पियो क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 7048 में दो व्यक्ति भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम खैरबार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

पूछताछ में वाहन सवार युवकों की पहचान रितेश राजवाड़े (26), पिता मिठाउ राम राजवाड़े और ठाकुर प्रसाद राजवाड़े (20), पिता रविन्द्र राजवाड़े, निवासी भिट्टीकला मांझापारा, थाना मणिपुर के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर दो कार्टून में रखी 24 बोतल कंगारू 10000 स्ट्रांग बीयर (650 एमएल प्रत्येक), 10 पाव ग्रीन लेबल व्हिस्की, 10 पाव फ्रंट लाइन व्हिस्की और 20 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 22.800 लीटर पाई गई।

पुलिस ने आरोपियों से शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 816/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट