रायपुर
कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 नवंबर। केंद्रीय जेल रायपुर से पैरोल पर रिहा हुआ कैदी पिछले 18 साल से जेल नहीं आया। इस मामले में जेल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को जवाब मांगा है। कोतवाली पुलिस को पत्र लिखकर फरार बंदी की अद्यतन जानकारी और दर्ज एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है। मामला उच्च न्यायालय से संबंधित बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंदी गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन, बंदी निवासी मिनीमाता चौक, बूढ़ेश्वर चौक, रायपुर को जिला दंडाधिकारी रायपुर के 7 अगस्त 2008 के आदेश के तहत पैरोल पर रिहा किया गया था। उसे 10 दिनों के लिए पैरोल दी गई थी। 23 जुलाई 2008 को जेल से रिहा किए जाने का उल्लेख जेल रिकॉर्ड में है। उसे 10 दिन बाद वापस केंद्रीय जेल में दाखिल होना था। लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
बंदी के निर्धारित समय पर जेल में उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध धारा 224 के तहत अपराध दर्ज कर पुन: गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराने के आदेश दिए गए थे।
घटना में जेल प्रशासन पूर्व में थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र का होने के कारण पत्राचार किए जाने पर जानकारी मिली कि संबंधित बंदी का निवास स्थान वर्तमान थाना कोतवाली क्षेत्र में है। और जिस प्रकरण में आरोपी को सजा हुई, वह भी थाना कोतवाली क्षेत्र की है। इस आधार पर आगे की कार्रवाई कोतवाली थाने को भेजा गया।
केंद्रीय जेल अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 7955/वारंट/2026 के माध्यम से थाना प्रभारी कोतवाली से फरार बंदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी और फरारी प्रकरण में दर्ज एफआईआर की एक प्रति तत्काल उपलब्ध कराने कहा गया है। जेल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस से इस संबंध में तत्काल जवाब मांगा है।