रायपुर
साइबर सेल भी नहीं रोक पाई ठगी, शिकायत के बाद भी 20 हजार खाते से पार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 नवंबर। मंदिर हसौद इलाके में एक ऐसी ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें ठगी होने के बाद साइबर सेल में शिकायत देने के बावजूद पीडि़त से दोबारा ठगी हो गई। ग्राम कुटेसर चंदखुरी निवासी पीडि़त के बैंक खातों से साइबर ठग ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 2.96 लाख पार कर दिए गए। पीडि़त के खाते में नौकरी के पीएफ की रकम जमा होने के बाद अलग-अलग किश्तों में रकम निकाली गई। मामले में मंदिर हसौद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज किया है।
ग्राम कुटेसर निवासी अजीत लहरी ने बताया कि वह पूर्व में इंडस टावर लिमिटेड में फील्ड सर्विस इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह इलेक्ट्रिकल दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने एक माह पूर्व अपने पीएफ खाता से 7 लाख रूपए बेैंक में जमा कराए थे।
इसके बाद उसने 23 अक्टूबर को मोबाइल दुकान में 1 हजार रुपये का फोन-पे भुगतान करने के दौरान खाते में बैलेंस कम दिखाई दिया। इसके बाद अजीत ने नेट बैंकिंग से खाते का स्टेटमेंट चेक किया, जिसमें 21, 22 और 23 अक्टूबर को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए व्हाट्सएप पे के माध्यम से 2 लाख 76 हजार 800 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली।
शक होने पर उसने मोबाइल चेक किया तो उसमें जाटीवी नाम से एक एप इंस्टॉल पाया गया। जो उसने नहीं किया था। इसके बाद अजीत ने एप को हटाने का प्रयास करने पर भी वह अनइंस्टॉल नहीं हुआ। ठगी का शक होने पर उसने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद उसने अपने बैंक , एटीएम, डेबिट कार्ड, यूपीआई और क्रेडिट कार्ड सहित बैंकिंग सुविधाओं को ब्लॉक कराया। इसके बावजूद 25 अक्टूबर को उनके एसबीआई खाते से फोन-पे के माध्यम से 20 हजार रुपये का एक और ट्रांजेक्शन हो गया।इस तरह उसके खाते से 2 लाख 76 हजार 800 रुपये और अन्य खाते से 20 हजार रुपये, इस प्रकार उसके साथ 2 लाख 96 हजार 800 रुपये की ठगी हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस संदिग्ध एप, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और डिजिटल माध्यमों की जांच कर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।