रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 नवंबर। गुढिय़ारी के रामनगर में रंजिश को लेकर दो युवकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। दो युवकों ने रास्ते में रोककर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की, और किसी धारदार चीज से हमला कर घायल कर दिया। घटना में घायलों का एम्स अस्पताल में उपचार कराया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
रामनगर शीतला पारा निवासी सतीश साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि 11 नवंबर की सुबह 4 बजे वह अपने भाई रोशन साहू के साथ अजय स्वाई को हीरापुर स्थित उसके घर छोडक़र वापस लौट रहा था।
इसी दौरान रामनगर स्थित शीतला तालाब के पास राहुल नेताम और गोपीदास मानिकपुरी उर्फ गोविन्द बैठे हुए थे। दोनों भाइयों को देखकर आरोपियों ने पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर लात-घूंसों से मारपीट की।
इस बीच गोपीदास मानिकपुरी उर्फ गोविन्द ने अपने पास चाकू से रोशन साहू के दाहिने हाथ, पेट में वार कर दिया। हमले में रोशन बुरी तरह घायल हो गया।घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद रोशन साहू ने कल शाम थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल नेताम , गोपीदास मानिकपुरी उर्फ गोविन्द के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।