रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय सोमवार को रविशंकर विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के अनेक मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं, जहां हिंसा से पीडि़त महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सहायता के लिए 24 घंटे संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 की व्यवस्था है। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कार्यशाला की वास्तविक सार्थकता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को व्यवहार में उतारकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित तथा सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ ममता साहू, आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी एवं सुश्री दीपिका सोरी, पंडित रविवि कुलपति डॉ सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।