रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 सितंबर। चोर अब बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नल के कल पुर्जे चुराने लगे हैं। राजधानी में सप्ताह भर में दूसरी घटना दर्ज की गई है। इस बार कलेक्टोरेट चौक जैसे सुरक्षा और संवेदनशील इलाके के सिग्नल में यह घटना हुई। ये सिग्नल, पुलिस प्रशासन द्वारा आपरेशन चार्ज का भुगतान नहीं करने से महीने भर से अधिक समय से बंद पड़े हैं।
मिली जानकारी अनुसार कलेक्टोरेट गार्डन के पास लगे सिग्नल के जंक्शन बाक्स के अंदर के इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिए गए। सिग्नल बंद होने की सूचना पर सुधारने पहुंचे तकनीशियन लोकेश कटरे 31 ने रिपोर्ट दर्ज कराया है। चोर सिग्नल का हार्डवेयर पीएमयू पैनल सेट, आइसोलेशन ट्रांसफार्मर, सिग्नल बाक्स,एसीडीसी चार्जर,14 कोर पावर केबल काट कर ले भागे। इनकी कुल कीमत 99 हजार बताया है। सिविल लाइन पुलिस ने धारा 303-2 के तहत रिपोर्ट दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फूटेज से चोरों को चिन्हित कर रही है। इससे पहले पिछले सप्ताह कालीबाड़ी चौक के पास सिग्नल से भी 30 हजार का केबिल वायर चोरी किया गया था।