रायपुर

राजधानी में सार्वजनिक गणेशोत्सव 9 दशकों से
22-Sep-2026 7:27 PM
राजधानी में सार्वजनिक गणेशोत्सव 9 दशकों से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 सितंबर। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा करीब नौ दशक पुरानी है। जानकारों के मुताबिक वर्ष 1936 में महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक रूप से गणेश स्थापना की शुरुआत की थी। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के विचारों से प्रेरित होकर शुरू हुई यह परंपरा आगे चलकर शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा बन गई।

बताया जाता है कि वर्ष 1936 में इसकी शुरुआत के बाद 1938 से सार्वजनिक गणेशोत्सव में तेजी आई । उस दौर में गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं था, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के समय जन-जागरण और सामाजिक एकजुटता का माध्यम भी बना। पुरानी बस्ती, गुढिय़ारी, बनियापारा और तात्यापारा  में सार्वजनिक गणेशोत्सव को विशेष रूप से बढ़ावा मिला।रायपुर में सार्वजनिक गणेश स्थापना की शुरुआत स्थानीय महाराष्ट्रीयन समाज और महाराष्ट्र मंडल से जुड़ी रही। लोकमान्य तिलक द्वारा महाराष्ट्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव को सामाजिक एकता और जनजागरण का प्रभाव रायपुर में भी दिखाई दिया। धीरे-धीरे शहर के अलग-अलग मोहल्लों में सार्वजनिक गणेश समितियां बनने लगीं और गणेशोत्सव सामुदायिक आयोजन का रूप ले लिया है।

पांच दशक से विसर्जन झांकियां

रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान निकलने वाली झांकियों की परंपरा भी दशकों पुरानी है। करीब पांच दशक पहले विसर्जन के दौरान आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकालने का चलन शुरू हुआ। समय के साथ इन झांकियों में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विषयों को भी शामिल किया जाने लगा।

आकर्षण का केन्द भूतिया पंडाल

इस बार शहर में भव्य गणेश पंडाल बनाए गए है। जहां गणेश बाल लीला और कैलाश पर्वत में विराजे शिव पार्वती की सुंदर झलक देखने को मिल रही है। वहीं शहर में टिकरापारा और अश्वनी नगर में बनाए पंडाल लोगों को काफी भा रहे है। जिसे भूत बंगले का नाम दिया गया है। वहीं टिकरापारा स्थित पंडाल को शिव गणों से सजाया गया है। जहां  आर्टिफिशियल भूत देखे जा सकते है।


अन्य पोस्ट