रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
तिल्दा नेवरा, 22 सितंबर। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा ने एक बयान जारी कर कहा कि नगर पालिका प्रशासन शहर के विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमिताभ शर्मा और उप-अभियंताओं के परस्पर सहयोग से शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
सीएमओ की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुबह विभिन्न वार्डों का पैदल व साइकिल से भ्रमण कर जायजा लेते हैं। उन्होंने इसे एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
इसके साथ ही पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री टंक राम वर्मा के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके माध्यम से नगर पालिका गार्डन में विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं, जहाँ चौपाटी का निर्माण भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से शहर और आसपास के नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
अंत में पालिका अध्यक्ष ने दोहराया कि नगर पालिका परिषद, जनप्रतिनिधियों और वर्तमान अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर तिल्दा नेवरा के विकास के लिए कार्य करती रहेगी।