रायपुर

स्थल झांकी से लौट रहे युवकों पर हमला
19-Sep-2026 7:44 PM
स्थल झांकी से लौट रहे युवकों पर हमला

10 दिन पहले जेल से छूटे हिस्ट्रीशीटर ने किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 सितंबर। डंगनिया इलाके में देर रात चाकूबाजी की एक  वारदात सामने आई है। जहां पुरानी रंजिश के चलते एक सिरफिरे बदमाश ने  स्थल झांकी देख कर  घर लौट रहे दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को  अस्पताल में भर्ती कराया गया है।   घायल युवकों की पहचान राजा साहू और आशीष भट्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजा साहू और आशीष झांकी से अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपी अमन यादव ने उन्हें घेर लिया।  अमन यादव की राजा साहू के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के तहत उसने राजा साहू पर चाकू से हमला कर दिया। जब राजा को चाकू मारता देख दोस्त आशीष भट्ट ने  बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश की, तो अमन ने आशीष पर भी चाकू से वार कर दिया।दोनों  के गाल पर चाकू से वार किए हैं। परिजनों के मुताबिक आरोपी अमन यादव कोई आम अपराधी नहीं है, वह पहले भी चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल की हवा खा चुका है। हैरानी की बात यह है कि अमन महज 10 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।

वारदात के बाद आरोपी अमन यादव मौके से फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी को  शनिवार सुबह  गिरफ्तार कर लिया है। वह अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। इस घटना ने राजधानी  में एक बार फिर बदमाशों के बुलंद  हौसलों को  उजागर किया है। उन्हें अब पुलिस का भी डर नहीं रहा, यहां आए दिन चाकूबाजी हो रही है।


अन्य पोस्ट