रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। प्रदेश में शनिवार से मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम भी तेज बारिश हुई। शनिवार को भी दोपहर बाद गरज चमक के साथ कुछ देर की बौछार के बाद मौसम खुल गया।
मौसम विभाग के मुताबिक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब भी सक्रिय है। इसके उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर पहुंचने के बाद शनिवार शाम के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ सकता है।इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधिया बढऩे की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अगले पांच दिनों के दौरान यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
बलरामपुर में सर्वाधिक तो कांकेर में सबसे कम
चालू मानसून सीजन में 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 96.4 प्रतिशत (996.5 मि.मी.) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि के लिए राज्य की औसत वर्षा 1033.6 मि.मी. निर्धारित है।? प्रदेशभर के जिलों में वर्षा का रुख मिश्रित रहा है। सरगुजा संभाग की बात करें तो बलरामपुर जिले ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की है, जहां औसत वर्षा के मुकाबले 169.7 प्रतिशत (1488.5 मि.मी.) पानी बरसा है। सरगुजा में केवल 77.3 प्रतिशत (594.9 मि.मी.), जशपुर में 81.2 प्रतिशत (805.1 मि.मी.) बारिश दर्ज की गई है। रायपुर संभाग में मानसून काफी मेहरबान नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर जिले में औसत का 126.9त्न (1091.2 मि.मी.) पानी बरस चुका है। धमतरी में 105.1 प्रतिशत (1061.0 मि.मी.) बारिश के साथ स्थिति काफी बेहतर बनी हुई है। बिलासपुर संभाग के जिलों में भी संतोषजनक वर्षा दर्ज की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सामान्य से अधिक 138.5 प्रतिशत (1127.8 मि.मी.) बारिश हुई है। रायगढ़ में सबसे कम 87.6 प्रतिशत (956.3 मि.मी.) वर्षा दर्ज की गई है। दुर्ग संभाग के मैदानी इलाकों में बालोद जिला 106.3त्न (1057.1 मि.मी.) बारिश के साथ सबसे आगे है। बेमेतरा में 75.2 प्रतिशत (569.7 मि.मी.) तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 71.8 प्रतिशत (864.1 मि.मी.) वर्षा रिकॉर्ड की गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिला है। नारायणपुर जिले में औसत की तुलना में 108.6 प्रतिशत (1376.6 मि.मी.) बारिश हो चुकी है। वहीं कांकेर में प्रदेश में सबसे कम मात्र 67.0 प्रतिशत (945.7 मि.मी.) ही वर्षा दर्ज की गई है।