रायपुर

केंद्रीय कर्मचारियों को राहत-सीजीएचएस में हटाई गई भौगोलिक सीमा की...
19-Sep-2026 7:40 PM
केंद्रीय कर्मचारियों को राहत-सीजीएचएस  में हटाई गई भौगोलिक सीमा की...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 सितंबर। केंद्र सरकार ने सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम  (सीजीएच?एस) के तहत लाभ लेने के लिए लागू भौगोलिक सीमा की शर्त को समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 17 सितंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है।

मंत्रालय के इस फैसले का सीधा लाभ उन केंद्रीय कर्मचारियों को मिल सकता है, जो सीजीएचएस  के निर्धारित क्षेत्र से बाहर रहते हैं या ऐसे स्थान पर तैनात हैं जहां अभी उन्हें सीजीएचएस रूल्स 1944  के तहत चिकित्सा सुविधा मिल रही है। इसके मुताबिक अब तक सीजीएचएस की पात्रता में वैलनेस सेंटर से संबंधित भौगोलिक सीमा महत्वपूर्ण थी। सामान्य तौर पर इन सेंटर के आसपास निर्धारित क्षेत्र में रहने या कार्यरत पात्र कर्मचारियों को इस योजना का लाभ मिलता था।

नए निर्णय के बाद केवल निवास या तैनाती का स्थान सीजीएचएस  का लाभ लेने में बाधा नहीं बनेगा। हालांकि, अन्य निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना और लागू सीजीएचएस  योगदान या सब्सक्रिप्शन का भुगतान करना जरूरी होगा।

मंत्रालय ने ऐसे मौजूदा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए  वन टाइम आप्शन की व्यवस्था की है, जो सीजीएच?एस क्षेत्र से बाहर रहने या तैनात होने के कारण चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारी निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करते हुए सीजीएचएस  में शामिल होने का विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए उन्हें  सीजीएचएस के निर्धारित योगदान/सब्सक्रिप्शन का भुगतान करना होगा। यह विकल्प केवल एक बार उपलब्ध होगा।

यदि मुख्य लाभार्थी सीजीएचएस  का विकल्प चुनता है, तो उसके पात्र आश्रित परिवार के सदस्य भी इसी व्यवस्था के अंतर्गत आएंगे। नए प्रावधानों के तहत कर्मचारी अथवा उनके पात्र परिवार के सदस्य एक ही समय में सीजीएचएस  और सीएसएमए रूल्स दोनों के तहत चिकित्सा लाभ नहीं ले सकेंगे।

सीजीएचएस का विकल्प चुनने वाले कर्मचारियों को निर्धारित सदस्यता/योगदान का भुगतान जारी रखना होगा। इसके अंतर्गत उपचार अथवा दवाओं की खरीद के संबंध में टीए डीए का प्रावधान लागू नहीं होगा।

सरकार ने सीजीएचएस  के मौजूदा कवर क्षेत्र में रहने या तैनात कर्मचारियों के लिए स्थिति स्पष्ट रखी है। जिस जिले के मुख्यालय क्षेत्र में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर उपलब्ध है, वहां निर्धारित दायरे में आने वाले केंद्रीय कर्मचारियों को सीजीएचएस के तहत कवर किया जाएगा। यह  बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।


अन्य पोस्ट