रायपुर
... तो लखमा को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया- भूपेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। झीरम प्रकरण पर एनआईए के फैसले के खिलाफ कांग्रेस हाईकोर्ट में अपील करेगी। पार्टी का कहना है कि घटना के कई साजिशकर्ता आत्मसमर्पण कर चुके हैं, लेकिन एनआईए ने उनसे पूछताछ नहीं की।
झीरम मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले पर चर्चा के लिए कांग्रेस की शनिवार दोपहर राजीव भवन में बैठक हुई। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु, झीरम के पीडि़त व शहीदों के परिजन, घायल और विधि विशेषज्ञ शामिल हुए। बैठक में तीन फैसले हुए, पहला कांग्रेस आला कमान से कोर्ट के फैसले पर चर्चा दिल्ली में पीडि़त परिजनों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेस और न्यायिक लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता और विधि प्रकोष्ठ के संयोजक फैसल रिजवी ने कहा कि झीरम कांड के कई साजिशकर्ता आत्मसमर्पण कर चुके हैं, लेकिन एनआईए ने उनसे कभी पूछताछ नहीं की। इसके बावजूद एनआईए ने कोर्ट में उन्हें फरार बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कांग्रेस हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
वहीं, पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में झीरम कांड में कांग्रेस विधायक कवासी लखमा की भूमिका को लेकर एनआईए के संदेह पर कहा कि यदि एनआईए को संदेह है तो उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कवासी लखमा के मामले में कांग्रेस आलाकमान से चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।
झीरम घाटी नक्सल हमले में पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, नंदकुमार पटेल, उनके पुत्र दिनेश पटेल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार और योगेंद्र शर्मा सहित 29 कांग्रेस नेताओं और सुरक्षा कर्मियों की मृत्यु हुई थी। जगदलपुर एनआईए कोर्ट ने 17 सितंबर को घटना के लिए जिम्मेदार 10 आरोपियों को दोषी पाते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई है।