रायपुर

मूकमाटी एक्स. में चार अक्टूबर से चार नए कोच
19-Sep-2026 7:36 PM
मूकमाटी एक्स. में चार अक्टूबर से चार नए कोच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 सितंबर। जबलपुर-रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी मूकमाटी एक्सप्रेस में चार अक्टूबर से चार कोच स्थायी रूप से बढ़ाए जाएंगे। इनमें एक एसी थ्री-टियर इकोनामी और तीन सामान्य (जनरल) श्रेणी के कोच  होंगे।।  इससे दोनों ट्रेनों में सीट क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी।

13 माह पूर्व अगस्त 25 से शुरू हुई 11702/11701 जबलपुर-रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में वर्तमान में 18 कोच के रैक के साथ चलाई जा रही है। इनमें

सात जनरल, आठ चेयरकार द्वितीय श्रेणी, एक एसी चेयरकार, एक स्लीपर, एक सेकेंड एसी फर्स्ट एवं दो एसी थ्री-टियर कोच सहित लगेज व ब्रेक वैन शामिल हैं। तीन अतिरिक्त सामान्य कोच जुडऩे से सामान्य यात्रियों के लिए सीटिंग क्षमता बढ़ेगी। वहीं एसी थ्री-टियर इकोनामी कोच बढऩे से किफायती एसी यात्रा का विकल्प भी विस्तार पाएगा।ट्रेन की बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे जोन ने 4 कोच बढ़ाने का फैसला किया है। एलएचबी कोच आधुनिक डिजाइन के होने से सुरक्षा, आराम और उच्च गति पर बेहतर संचालन की सुविधा भी मिलती है। यह दोनों बदलाव अगले माह के पहले सप्ताह से होंगे। इससे आने वाले त्योहारी सीजन में बढऩे वाली भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी। यात्रियों के लिए यात्रा आसान बनेगी।

यह ट्रेन जबलपुर जंक्शन से सुबह 6 बजे रवाना होकर दोपहर  1.50 बजे रायपुर पहुंचती है। वापसी में रायपुर जंक्शन से दोपहर 14:35 बजे रवाना होकर जबलपुर  रात 22:45 बजे पहुंचती है। 8 घंटे 10 मिनट के सफर में ट्रेन मदन महल, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया, डोंगरगढ़ और राजनांदगांव में भी रूकती है।


अन्य पोस्ट