रायपुर
37 साल से मिल रही थी, रमन ने दिया था साय ने बंद किया-संघ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 सितंबर। छत्तीसगढ़ सरकार ने 1 सितम्बर को एक आदेश जारी कर प्रदेश के अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के सेवानिवृत 400 से अधिक प्राध्यापकों और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पेंशन बंद कर
दिया है।
शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में पेंशनभोगी प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डा हरिनारायण दुबे, महासचिव डा डीएन शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार इन्हें पेंशन व ग्रेच्युटी का 37 वर्ष से निरंतर भुगतान करती आ रही है। 26 अक्टूबर 10 को डॉ रमन सिंह की सरकार ने इन प्राध्यापकों व कर्मचारियों की मांग पर पांचवें वेतनमान में पेंशन तथा चौथे वेतनमान में ग्रेच्युटी देना आरम्भ किया। तब से सेवानिवृत प्राध्यापक व कर्मी पांचवें वेतनमान में निरंतर पेंशन प्राप्त करते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वेतनमान के अनुरूप पेंशन व ग्रेच्युटी के अधिकार को लेकर 80 से अधिक सेवानिवृत्त प्राध्यापकों द्वारा दायर की गई याचिकाओं पर उच्च न्यायालय ने अलग अलग निर्णयों में राज्य सरकार को आदेश दिया कि जो प्राध्यापक जिस वेतनमान में सेवानिवृत्त हुआ है, उसे उसी वेतनमान में पेंशन तथा ग्रेच्युटी का भुगतान किया जाए । इस निर्णय के विरुद्ध राज्य सरकार द्वारा दायर कई रिवीजन याचिकाओं को भी उच्च न्यायालय ने खारिज किया था। इस पर 50 से अधिक पेंशनभोगी प्राध्यापकों ने राज्य सरकार के विरुद्ध कंटेंप्ट प्रकरण दायर किया हैं, जिन पर कार्यवाही लंबित है । हालाकि डॉ आर के उपाध्याय व डॉ सी के तिवारी के कंटेंप्ट प्रकरण पर उच्च न्यायालय के आदेश पर राज्य सरकार द्वारा उन्हें 6 वें वेतनमान में ग्रेच्युटी का भुगतान कर, 6वें वेतनमान में पेंशन दी जा रही है, जो इस आदेश के बाद रोक दी गई है। स्थिति यह है कि जुलाई व अगस्त के पेंशन का भुगतान राज्य सरकार द्वारा अब तक नहीं किया गया है।उच्च न्यायालय द्वारा पेंशन देने के अधिकार को मान्य करने के आदेशों से क्षुब्ध होकर दायर सरकार की विशेष पुनरीक्षण याचिका भी खारिज कर दी गई । पेंशनर्स को उनका हक नहीं देने के लिए राज्य सरकार ने 27 पेंशनर्स के मामले फिर से सर्वोच्च न्यायालय में एसएलपी दायर किया है
जब सरकार को लगा कि न्यायालयों से पेंशनर्स प्राध्यापकों को उनका अधिकार मिल जाएगा तो दमनकारी रवैया अपनाते हुए पांचवें वेतनमान में पेंशन तथा चौथे में ग्रेच्युटी प्रदान करने के आदेश को विष्णुदेव साय सरकार ने 22 अगस्त 26 की मंत्रिमंडल की बैठक में पलटकर निरस्त कर दिया। इस निर्णय के अनुसरण में आदेश जारी कर पेंशन 1 सितंबर से बंद कर दी है। इस दमनकारी निर्णय से सेवानिवृत वृद्ध प्राध्यापक व कर्मचारी गंभीर आर्थिक कठिनाइयों में आ गए हैं। संघ ने मुख्यमंत्री साय, आयुक्त उच्च शिक्षा को पत्र ज्ञापन सौंपकर भुगतान की मांग की है।
सरकार से यह मांग है कि राज्य सरकार आदेश को वापस लेकर और सभी पेंशनर्स की पेंशन को यथावत लागू करे। जुलाई व अगस्त की पेंशन का भुगतान अति शीघ्र किया जाये । उत्पीडऩ का रवैया छोड़ राज्य सरकार उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों का अनुपालन करें।