रायपुर

ट्रक ड्राइवर भाड़े का एक लाख रूपए खा गया, अमानत में खयानत दर्ज
18-Sep-2026 8:06 PM
ट्रक ड्राइवर भाड़े का एक लाख रूपए खा गया, अमानत में खयानत दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 सितंबर। खमतराई में एक ट्रांसपोर्ट संचालक ने अपने ट्रक ड्राइवर पर अमानत में खयानत का अपराध दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि ट्रक ड्राइवर ने पार्टी से भाड़े और कोयले के एडवांस की रकम 98,754 रुपए लेकर उसे अपने पास रख लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 316 का अपराध दर्ज किया है।

शंकर नगर रायपुर निवासी शिवसागर मिश्रा ने बताया कि रावांभाठा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में जय हनुमान ट्रांसपोर्ट का संचालन करता हैं। उनकी ट्रक सीजी 04 एमएन 7473 को मध्यप्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया गांव का निवासी कृष्णा बहरोलिया चलाता था।

चालक ट्रक लेकर रायपुर से सीधी गया था, जहां माल खाली करने के बाद उसे 75,754 रुपए भाड़े के दिए गए थे। इसके बाद वह बुढ़ार से कोयला लेकर तिल्दा के एक प्लांट में खाली किया। जिसके लिए उसे वहां से 23,000 रुपए एडवांस मिले थे। शिवसागर ने बताया कि माल खाली करने के बाद चालक ट्रक को रायपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में लावारिस हालत में खड़ा कर चला गया। मोबाइल पर संपर्क करने पर उसने बच्चे की दवाई कराने की बात कही और वापस आने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसने भाड़े और एडवांस की रकम भी वापस नहीं की। बाद में उसका मोबाइल फोन भी उठाना भी बंद कर दिया।

ट्रक चालक कृष्णा कुमार ने दो जगहों से भाड़ा लेकर उसे कम्पनी में जमा न कर धोखाधड़ी कर दी। इस मामले में शिवसागर की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट