रायपुर
प्रोजेक्ट अक्षरा का शुभारंभ भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर राजधानी रायपुर 25 लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीयों’ की रोशनी से जगमगा उठी। प्रदेशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। जनभागीदारी के इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मरीन ड्राइव में आयोजित मुख्य समारोह में स्वयं दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री अपने निवास कार्यालय से दीप प्रज्वलित कर रवाना हुए। छत्तीसगढ़ क्लब चौक से भगत सिंह चौक, घड़ी चौक, शारदा चौक, गौरव पथ और शंकर नगर होते हुए तेलीबांधा तालाब तक पूरे मार्ग में दीयों की रोशनी नजर आई।उन्होंने घड़ी चौक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर, शारदा चौक पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया। इस मौके पर ‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किए जाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए रायपुरवासियों, को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ का भी शुभारंभ किया। इसके माध्यम से स्क्रीन टाइम कम करने और लोगों को पुस्तकों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न आयोगों और मंडलों के अध्यक्ष, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।