रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 सितंबर। रायपुरा स्थित राम मंदिर के पास चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते इलाके के बदमाश राज ठाकुर ने नीरज भोई पर जान लेवा हमला किया। इसमें नीरज के सीने,पेट समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं हमले के बाद बदमाश राज ठाकुर फरार है। डीडी नगर पुलिस तलाश कर रही है।
बता दें कि राजधानी में लाख कोशिशों के बाद भी चाकू बाजी की घटनाएं नहीं थम रही। इस दौरान पुलिस ने सैकड़ों चाकू बाजों को जेल भेजा है। इसके पीछे मुख्य कारण थानों के निचले अमले की ढिलाई और गश्त न होना माना जा रहा है। गश्त के नाम पर सिपाही हवलदार, एएसआई 112 में थाने से निकलते तो हैं लेकिन वे किसी पेड़ के नीचे, होटल आदि में मजमा लगा कर टाइम पास कर लौट जाते हैं। ऐसी भी स्थिति नाइट गश्त की भी है। और बदमाश सडक़ों पर चाकू लेकर बेखौफ घूम रहे। और अपने से रंजिश रखने वालों से बदला भुना रहे हैं।
कमिश्नर ने किया था जिला बदर, रायपुर में ही जमा हुआ था अब पकड़ाया
दूसरी ओर जिला बदर किए गए बदमाश ओम को कल सरस्वती नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि जिला बदर किए जाने के बाद भी वह रायपुर में ही रह रहा था। कल वह पुलिस की नजऱ में आने के बाद पकड़ लिया गया है। पुलिस कमिश्नरेट ने इसी माह के पहले सप्ताह में 6 जिलों की सीमा से जिलाबदर किया था।। ओम दुबे के खिलाफ हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, अवैध हथियार और गांजा बिक्री जैसे 11 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।