रायपुर

युवा कांग्रेस चुनाव में 9 लाख वोट, धनबल और फर्जी मतदान के आरोप
18-Sep-2026 8:01 PM
युवा कांग्रेस चुनाव में 9 लाख वोट, धनबल और फर्जी मतदान के आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 सितंबर। युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में अब तक करीब 9 लाख वोट डाले जा चुके हैं। चुनाव प्रक्रिया में धनबल के इस्तेमाल और फर्जी मतदान के आरोप भी सामने आए हैं। सूरजपुर के पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज तिवारी ने चुनाव में धांधली और कथित फर्जी वोटर कार्ड तैयार कर मतदान कराने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़े की शिकायत पुलिस में भी करेंगे।

बताया गया कि अब तक डाले गए करीब 9 लाख वोट में से 7 लाख मतदाताओं ने सदस्यता शुल्क जमा किया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए विधायक देवेंद्र यादव समर्थक शैलेंद्र बंजारे और पूर्व सीएम समर्थक सत्येंद्र चेलक के बीच मुकाबला है। इनके अलावा 15 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं।

तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि चुनाव में खुलेआम धनबल का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका दावा है कि ऐसे युवाओं के मतों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जो चुनाव प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हैं। उन्होंने कथित तौर पर फर्जी मतदाता पहचान-पत्र तैयार कर उनका इस्तेमाल करने तथा बिना अधिकृत अनुमति के वोटर आईडी और चुनाव संबंधी सामग्री की छपाई कराने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास आरोपों से संबंधित कुछ तथ्य और प्रमाण हैं, जिन्हें जरूरत पडऩे पर संगठन और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

तिवारी ने मतदाता सूची, वोटर आईडी, डाले गए मतों और प्रिंटिंग रिकॉर्ड का निष्पक्ष सत्यापन कराने, शिकायतों की स्वतंत्र जांच, दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई और चुनाव में पारदर्शिता के लिए निष्पक्ष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।


अन्य पोस्ट