रायपुर

बंधक जमीन को बेचने 11 लाख लेकर मुकरा, 4 पर एफआईआर
18-Sep-2026 7:44 PM
बंधक जमीन को बेचने 11 लाख लेकर मुकरा, 4 पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 सितंबर। टिकरापारा थाना पुलिस ने बैंक में गिरवी रखी संपत्ति को विवादमुक्त और ऋण से मुक्त बताकर बेचने का इकरारनामा कर 11 लाख रुपए लेने के मामले में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

अभिषेक दीवान ने रिपोर्ट में बताया कि वह रायपुर के डगनिया में रहता है। उसकी पहले से पहचान खिलेन्द्र साहू से थी। खिलेन्द्र साहू ने टिकरापारा स्थित 1038 वर्गफीट भूमि और उस पर बने मकान को अपने परिवार की संपत्ति बता उसे बेचने की बता कही। खिलेन्द्र ने संपत्ति को पाक-साफ बताते हुए कहा था कि उस पर किसी प्रकार का लोन नहीं है और न ही किसी अन्य व्यक्ति से बिक्री का सौदा हुआ है। जिसके बाद खिलेन्द्र ने अभिषेक से संपत्ति को 70 लाख रुपए में बेचने का सौदा तय हुआ था। इसके बाद उसने 28 नवंबर 2025 को 2 लाख रुपए, 8 दिसंबर 2025 को 4.50 लाख रुपए और 29 जनवरी 2026 को 4.50 लाख रुपए, इस तरह 11 लाख रुपए गंगोत्री साहू के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए। जिसके बाद 29 जनवरी 2026 को मकान के विक्रय को लेकर इकरारनामा भी किया गया। रकम देने के बाद उसने कई बार मकान की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा, लेकिन खिलेन्द्र साहू और उसके परिवार की ओर से लगातार टालमटोल किया जाता रहा। शक होने पर अभिषेक ने संपत्ति के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि संबंधित भूमि कैपरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड के पास गिरवी रखी गई है।

खिलेन्द्र साहू ने संपत्ति पर बैंक का बंधक होने की जानकारी छिपाकर के्रता अभिषेक से 11 लाख रुपए लिए और रकम वापस मांगने पर भी पुलिस ने शिकायत के आधार पर गंगोत्री साहू, जागृति साहू, खिलेन्द्र साहू और इन्द्र कुमार साहू, सभी रामसागरपारा निवासी है, के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

सूने मकान में चोरी, जेवरात और नकदी पार

 तीज पर्व के दौरान अभनपुर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में चोरों ने घर के ताले तोडक़र सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 50 हजार रुपये का माल पार कर दिया।  ग्राम मानिकचौरी निवासी राजकुमार साहू ने पुलिस को बताया कि तीज पर्व के चलते उनकी मां पहले ही ग्राम सारखी गई थीं। 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने पिता के साथ घर के कमरे और मुख्य गेट में ताला लगाकर सारखी चले गए थे। अगले दिन 15 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे घर लौटने पर घर के ताले टूटे, और सामान बिखरा पड़ा था। पेटी में रखे पांच नग सोने की पत्ती, एक जोड़ी कान के झुमके, दो जोड़ी चांदी की पायल, छह नग चांदी के सिक्के और 30 हजार रुपये नकद गायब थे।


अन्य पोस्ट