रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 सितंबर। 3-4 दिनों की राहत के बाद प्रदेश में आज शाम से एक बार फिर बारिश के आसार हैं। गुरुवार देर शाम तक प्रदेश के 27 जिलों में 40 किमी की रफ्तार के साथ आंधी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश के वितरण और तीव्रता में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान गरज-चमक की गतिविधियां भी बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना
प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य रही है, हालांकि अब तक कुल बारिश में करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। कुल मिलाकर फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है, लेकिन 19 सितंबर से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है।