रायपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 17 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी स्थित निवास में सृजन, शिल्प और निर्माण के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। श्री साय ने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर श्रमवीरों, शिल्पकारों, कारीगरों, अभियंताओं, तकनीशियनों तथा उद्योग और निर्माण क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की कि वे प्रदेश के सभी श्रमवीरों, कारीगरों, शिल्पकारों, तकनीशियनों, अभियंताओं और उद्यमियों को अपने कार्य में निरंतर सफलता प्रदान करें तथा उनके कौशल और परिश्रम से छत्तीसगढ़ प्रगति, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
मोदी के जन्मदिवस पर हवन-पूजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना हवन कर श्री मोदी के दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। श्री मोदी को सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत सुनील सोनी समेत सभी नेताओं ने भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं।