रायपुर

सूने मकान का शटर गेट काट लाखों के जेवरात एवं नगदी चुराने वाले 2 गिरफ्तार
17-Sep-2026 9:44 PM
सूने मकान का शटर गेट काट लाखों के जेवरात एवं नगदी चुराने वाले 2 गिरफ्तार

दोनों पुराने बदमाश, जेल जा चुके हैं

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 17 सितंबर। सूने मकान का शटर गेट काटकर लाखों के जेवरात एवं नगदी चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार कर लिए  गए हैं। इनमें एक निगरानी बदमाश शामिल है।

इनसे 2.50 लाख के  कीमती जेवर, सिक्के एवं नगदी बरामद किया गया है।दोनों आरोपी पूर्व में भी नकबजनी एवं चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

प्रोफेसर कॉलोनी पुरानी बस्ती निवासी ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया था। इसके अनुसार 27 अगस्त 26 को वह अपने घर में ताला लगाकर अन्यत्र गया था। 5 दिन बाद 31 अगस्त को घर में काम करने वाली बाई ने घर का शटर गेट कटा होने एवं सामान बिखरा होने की सूचना दी। प्रार्थी के 1 सितंबर को वापस आकर जांच करने पर अज्ञात चोर द्वारा शटर गेट काटकर घर में प्रवेश कर अलमारी में रखे चांदी के ईंट व जेवर, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, सैमसंग मोबाइल फोन एवं अन्य सामान चोरी हो गए थे।

पुरानी बस्ती पुलिस में धारा 331(4), 305 दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी।पुलिस टीम ने घर  का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी, नौकरानी व आसपास के लोगों से पूछताछ कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखा।

घटना के तरीके को ध्यान में रखते हुए पूर्व में नकबजनी एवं चोरी के प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही थी। मुखबिर ने सूचना दी  कि थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश भूपेन्द्र उर्फ गजनी जो पूर्व में भी नकबजनी/चोरी के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है, को घटना स्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। उसे पकड़  पूछताछ में उसने अपने   साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी की स्वीकार किया । इस पर  करण ताण्डी को भी पकड़ा ।

आरोपी भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी शातिर चोर होने के साथ-साथ थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में नकबजनी/चोरी के 04 प्रकरण  में  जेल जा चुका है। वहीं, आरोपी करण ताण्डी भी नकबजनी/चोरी के 02 प्रकरणों में पूर्व में थाना पुरानी बस्ती से जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी: भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी पिता स्व. रोहित पटेल उम्र 26 साल निवासी दंतेश्वरी चौक गोपियापारा थाना पुरानी बस्ती रायपुर।  करण ताण्डी पिता राजेश ताण्डी उम्र 24 साल निवासी दंतेश्वरी मंदिर के पीछे डबरीपारा कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती रायपुर।


अन्य पोस्ट