रायपुर

भूतपूर्व सैनिकों के पदों पर गैर सैनिक की नियुक्ति की जा सकेगी
16-Sep-2026 7:53 PM
भूतपूर्व सैनिकों के पदों पर गैर सैनिक की नियुक्ति की जा सकेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 सितंबर। भूतपूर्व सैनिकों हेतु आरक्षित पदों के लिए पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने पर गैर सैनिक की नियुक्ति की जा सकेगी। साप्रवि ने आज इस संबंध में एक  स्पष्टीकरण आदेश जारी किया है।

 सचिव साप्रवि रजत कुमार ने भूतपूर्व सैनिक (राज्य की सिविल सेवाओं तथा पदों, तृतीय श्रेणी और चतुर्थ श्रेणी में रिक्तियों का आरक्षण) नियम, 1985 के नियम-4 के उप नियम-3 के परिप्रेक्ष्य में स्पष्ट किया है । सभी विभाग प्रमुखों को जारी आदेश में  कहा है कि लोक विज्ञापन/छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल के माध्यम से सीधी भर्ती के लिए विज्ञापित पदों में भूतपूर्व सैनिक के आरक्षित पदों पर नियुक्ति में यदि पात्र भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थी नहीं मिलते हैं तो वह पद आगामी भर्ती वर्ष के लिए अग्रणित ( कैरी फारवर्ड) नहीं किया जाएगा, अपितु उसे प्रावीण्य सूची के आधार पर गैर-भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थी से भरा जाएगा।इस हेतु राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड अथवा किसी अन्य कार्यालय से अनापत्ति प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है।


अन्य पोस्ट