रायपुर
रायपुर, 16 सितंबर। टिकरापारा इलाके में दुर्गा चौक मठपारा के पास सुबह-सुबह चाकू की नोक पर लूट की घटना सामने आई है। पूजा-पाठ के लिए दूबी और फूल लेने निकले एक व्यक्ति से छह युवकों ने चाकू दिखाकर मोबाइल और 1900 रुपए लूट लिए। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक दुर्गा चौक मठपारा निवासी प्रमोद ने बताया कि वह जड़ी-बूटी की दवाइयां बेचने का काम करता है। बीती सुबह 5.30 से 6 बजे के बीच वह पूजा-पाठ के लिए दूबी और फूल लेने अपने घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में उसे 5-6 युवकों ने घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और जेब में रखे सामान निकालने को कहा। डर के कारण प्रमोद ने जेब में रखा मोबाइल फोन और नकदी 1900 रुपए आरोपियों को दे दिए। लूट के बाद बाद लडक़े वहां से भाग निकले। प्रमोद ने घटना की जानकारी अपनी पत्नी और आसपास के लोगों को दी। जिसके बाद उसने टिकरापारा थाना जाकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।