रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 सितंबर। जापान के एहिमे विश्वविद्यालय मात्सुयामा, के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शैक्षणिक, शिक्षण एवं सांस्कृतिक भ्रमण के अंतर्गत एनआईटी रायपुर पहुंचा। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ एन वी रमना राव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल के स्वागत में एनआईटी रायपुर में स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जापानी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत एवं भारत-जापान के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों देशों की संस्कृति, परंपराओं और आपसी सहयोग पर विचार साझा किए गए। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं संवाद के माध्यम से भारत और जापान के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाया गया।
स्वागत संबोधन में डॉ. समीर बाजपेयी ने स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम दोनों देशों के युवाओं के बीच आपसी समझ, मित्रता और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। एहिमे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अकीरा यामानाका ने कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम के अगले चरण में भारत और जापान की संस्कृति एवं कला को दर्शाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। रागा क्लब के सदस्य द्वारा सबसे पहले सितार पर पधारो म्हारे देश नामक गीत की प्रस्तुती दी गई । नृत्यम क्लब ने ग्रेसऑफ भरतनाट्यम के माध्यम से भरतनाट्यम की सुंदरता दिखाई। इसके पश्चात एहीमे यूनिवर्सिटी के छात्रों ने आकर्षक गीत की प्रस्तुति की, जिसने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाया गया।
प्रतिनिधि मंडल ने दो दिन में संस्थान के साइंस प्रोग्राम, , विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की प्रयोगशाला, स्टार्टअप ईकोसिस्टम तथा रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण भी किया ।
कार्यक्रम में कॉपरेट रिलेशन एंड रिसोर्स मोबीलाइजेशन डीन डॉ. एस. सान्याल, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डीन डॉ. जी.डी. रामटेककर, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मनोज कुमार चोपकर तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर विभागाध्यक्ष एवं मुख्य समन्वयक डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया, फैकल्टी मेम्बर्स और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।