रायपुर
रायपुर, 13 सितंबर। दिगंबर जैन समाज का प्रमुख एवं पवित्र दशलक्षण महापर्व बुधवार से शुक्रवार, तक श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा। दस दिवसीय इस महापर्व के दौरान श्रद्धालु आत्मशुद्धि, संयम, साधना एवं उत्तम गुणों की आराधना करते हुए आध्यात्मिक उन्नति का प्रयास करेंगे। यह जानकारी कचना स्थित अमलतास कैसल के 1008 श्री मुनि सुब्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष हिमांशु जैन ने दी। उन्होंने बताया कि दशलक्षण महापर्व दिगंबर जैन समाज के प्रमुख धार्मिक पर्वों में से एक है। इस दौरान श्रद्धालु अपने जीवन में उत्तम गुणों को अपनाने तथा आत्मचिंतन के माध्यम से आत्मिक शुद्धि का प्रयास करते हैं। महापर्व की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता की जानकारी देते हुए भाई सुरेश मोदी ने बताया कि इन दस दिनों में क्षमा, मार्दव, आर्जव, शौच, सत्य, संयम, तप, त्याग, आकिंचन्य और ब्रह्मचर्य जैसे उत्तम गुणों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया जाता है।