रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 सितंबर। शहर से अपहरण का मामला सामने आया है। यहां दिनदहाड़े 12 वीं के छात्र का अपहरण कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दलदल सिवनी निवासी 12 के छात्र को कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। जिसके बाद माना कुम्हारी होते हुए उसे भिलाई ले जाकर कमरे में बंद कर दिया और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। नाबालिग छात्र की हालत नाजुक है।
जैसे ही पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी मिली, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों में अरमान सिद्दीकी, मुदित मिश्रा, शिव सोनी और रोशन सोनी समेत अन्य लोग शामिल है। इनमें से अरमान पकड़ा जा चुका है और शेष फरार हैं। वह कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई का पदाधिकारी बताया गया है।
आरोप है कि नाबालिग का अपहरण कर उससे सोने की अंगूठी समेत 40 हजार रुपए नगद छीने गए। परिजनों ने भिलाई के एक पुलिसकर्मी की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है। मामले में अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जामुल थाना पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि अपहरण रायपुर से हुआ, जबकि छात्र को भिलाई ले जाकर मारपीट किए जाने का आरोप है। ऐसे में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच दो जिलों की पुलिस के बीच उलझता नजर आ रहा है।