रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 सितंबर। मंदिरहसौद के ग्राम बोडरा निवासी किराना व्यवसायी के बेटे से अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोककर लूटा। नकाबपोश तीन युवकों ने डिलीवरी बॉय को रोका और चाकू दिखाकर उसके पार्सल बैग से 4 हजार रुपये नकद और 21,499 रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला भी किया गया। हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया।
पीडि़त हितेश लोधी मीशो कंपनी में डिलीवरी का काम करता है। 1 सितंबर को वह अपनी बाइक से डिलीवरी का सामान लेकर ग्राम गनौद गया था। दोपहर 2 बजे गनौद से वापस लौटते समय गनौद और धमनी के बीच सडक़ पर तीन अज्ञात युवकों ने उसे हाथ दिखाकर रोक लिया । युवकों ने हितेश का बैग खींचने लगे। इनमें से एक युवक ने धारदार हथियार दिखाकर उसे डराया-धमकाया और गाली-गलौज की। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके बैग में रखे पर्स से 4,000 रुपये नकद और मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 21,499 रुपये बताई गई है, लूट लिया।
भागते समय उनमें से एक ने हितेश पर चाकू से हमला कर दिया। घायल हितेश ने राहगीरों की मदद से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। घायल का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया जिसके बाद उसने मंदिरहसौद थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवार आरोपियों के खिलाफ 3-5, 309- 4 का अपराध दर्ज किया है।