रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। राजस्व और शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगाने के नाम पर पड़ोसी ने पौने चार लाख की धोखाधड़ी कर दी। इस मामले में गौरा चौक छत्तीसगढ़ नगर निवासी धन्नू धु्रव ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले प्रमोद केशरवानी के खिलाफ टिकरापारा थाना में धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि प्रमोद केशरवाली ने मंत्री और अधिकारियों से पहचान बताकर उसके परिजनों को सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3.78 लाख रुपए ले लिए । मामले में पुलिस ने शिकायत पर प्रमोद केशरवानी के खिलाफ 420 का अपराध दर्ज किया है।
धन्नू राम धु्रव बताया कि करीब तीन साल पहले प्रमोद केशरवानी उसके घर के पास किराये से रहता था। वह खुद को मंत्री और अधिकारियों से अच्छी पहचान वाला बताता था। अधिकारियों के साथ उसकी आवाजाही देखकर धु्रव को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।
इस दौरान प्रमोद ने 2023 में राजस्व विभाग में भर्ती निकलने पर सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया। धन्नू ने अपने साढ़ू के भांजे परमेश्वर मरकाम की नौकरी के संबंध में उससे संपर्क किया। प्रमोद ने नौकरी लगवाने के लिए 2.50 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद 20 हजार रुपए ऑनलाइन फोन-पे के माध्यम से दिए गए। जबकि 30 सितंबर 2023 को छत्तीसगढ़ नगर में 2.10 लाख रुपए नकद दिए गए।
प्रमोद ने परमेश्वर की कवर्धा तहसील कार्यालय में नौकरी लगने की बात कहते हुए ज्वाइनिंग संबंधी पत्र भी दिया। परमेश्वर करीब चार माह तहसील कार्यालय में काम किया।
इसी दौरान धन्नू राम ने अपने दो भांजों मिथुन मरकाम और अमित छेदाईया की शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने के लिए प्रमोद को 50-50 हजार रुपए नकद दिए। जिसके बाद प्रमोद लगातार नौकरी लगवाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन किसी की नौकरी नहीं लगवाई। बाद में उससे संपर्क करने पर उसने मोबाइल बंद कर दिया।
धोखाधड़ी होने के शक में धन्नू ने इसकी शिकायत टिकरापारा थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ 420 का अपराध दर्ज किया है।